गांव जमालपुर शेखां से रतिया के अस्पताल में ब्लड पहुंचाने की जानकारी देते हुए पुलिस टीम सदस्य
- फोटो : मृतक शाहिद की फाइल फोटो ।
फतेहाबाद। गांव जमालपुर शेखां में शुक्रवार रात करीब एक बजे पुलिस की इमरजेंसी रिस्पॉन्स व्हीकल (ईआरवी)-230 की टीम ने गश्त के दौरान अस्पताल में मरीज के पास ब्लड पहुंचाया और उसकी जान बचाई। टीम के इस नेक कार्य की सभी सराहना कर रहे हैं।
पुलिस के अनुसार रात को ईआरवी- 230 की टीम रात में गश्त पर थी। इस दौरान टीम ने देखा कि दो युवक पैदल-पैदल बाइक लेकर चल रहे हैं। इस पर ईआरवी टीम उनके पास रुकी। उनके हाथ में रक्त का पैकेट था। इस पर टीम ने उनसे पूछताछ की तो उन्होंने अपना नाम जीवन निवासी बीरेवाला डोगर बताया और कहा कि उनकी बहन का ऑपरेशन रतिया स्थित सिंह अस्पताल में चल रहा है और उसे तुरंत रक्त की आवश्यकता है।
युवकों के अनुसार वे टोहाना से रक्त लेकर लौट रहे थे, किंतु बीच रास्ते में उनकी बाइक खराब हो गई। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए ईआरवी-230 टीम के प्रभारी एएसआई जसपाल, होमगार्ड मनदीप और एसपीओ जगरूप ने बिना समय गंवाए मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए तत्काल कॉल जनरेट करवाई और रक्त को स्वयं अस्पताल तक पहुंचाने की जिम्मेदारी ली।
पुलिस टीम की इस त्वरित और जिम्मेदार कार्रवाई के चलते समय पर रक्त पहुंच सका और ऑपरेशन सफलतापूर्वक पूरा हुआ। पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने ईआरवी टीम की प्रशंसा करते हुए कहा कि पुलिस का दायित्व केवल कानून व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि संकट की घड़ी में मानव जीवन की रक्षा करना भी है जो कि उन्होंने पूरा किया है।