फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मंडियों में गेहूं की खरीद शुरू, आवक अभी तक कम

विज्ञापन
रतिया मंडी में गेहूं की खरीद करते अधिकारी। - फोटो : Fatehabad
विज्ञापन
जिले की मंडियों में गेहूं की खरीद का कार्य शुरू कर दिया गया है। तीन दिन से चल रही आढ़तियों की हड़ताल खत्म होने के बाद किसानों ने राहत महसूस की है। शनिवार को मंडियों में वह गेहूं खरीदा गया, जो पहले से आया हुआ था। हालांकि शनिवार को ज्यादा आवक नहीं हुई, क्योंकि रविवार को अवकाश है और खरीद नहीं होगी। सोमवार को गेहूं की आवक रफ्तार पकड़ेगी।
विज्ञापन

बता दें कि खेतों में किसानों ने गेहूं कटाई का काम शुरू कर दिया है, अगले पंद्रह दिन तक कटाई का काम जोरों से चलेगा। पंद्रह दिन तक मंडियों में बंपर आवक होने की संभावना है। इसलिए फतेहाबाद में अतिरिक्त अनाजमंडी में भी अनाज रखने की व्यवस्था कर दी गई है। फतेहाबाद की मंडी में अब तक करीब 4 हजार क्विंटल गेहूं की आवक हो चुकी है। ज्यादातर गेहूं खरीदा जा चुका है। इसी तरह रतिया, भूना, टोहाना, कुलां व जाखल की मंडियों में भी गेहूं आना शुरू हो गया है।
किसानों को दिक्कत नहीं आने देंगे : जगदीश भादू
व्यापार मंडल के प्रधान जगदीश भादू ने कहा कि खरीद प्रक्रिया के दौरान किसानों को किसी प्रकार की दिक्कत नहीं आने दी जाएगी। अब खेतों में खड़ी फसल पक चुकी है और नमी की मात्रा कम है। अब पका हुआ अनाज ही मंडियों में आएगा। व्यापारियों का प्रयास रहेगा कि किसानों को असुविधा न हो।
विज्ञापन

अभी नाममात्र गेहूं आया है : सचिव
मार्केट कमेटी सचिव संजीव सचदेवा ने कहा कि व्यापारियों की हड़ताल खत्म हो चुकी है। मंडी में अभी नाममात्र गेहूं आया है। खरीद प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। सोमवार से मंडी में गेहूं आना तेज हो जाएगा। खरीद प्रक्रिया में कोई दिक्कत नहीं आएगी।
रतिया में गेहूं खरीद का कार्य हुआ शुरू
रतिया। पिछले कुछ दिनों से व्यापारियों की चल रही राज्य स्तर के हड़ताल देर रात समाप्त हो जाने के बाद शनिवार को रतिया अनाज मंडी में गेहूं की खरीद का कार्य शुरू हो गया। अधिकारियों के साथ साथ किसानों ने भी राहत की सांस ली है। रतिया मंडी में लगभग 5 हजार क्विंटल के करीब गेहूं की खरीद की गई। मार्केट कमेटी के सचिव यशपाल मेहता ने बताया कि हरियाणा सरकार द्वारा 1 अप्रैल से गेहूं खरीद कार्य को शुरू किया गया था। मगर गेहूं देरी से पका है, इसलिए अब आवक शुरू हुई है। उन्होंने बताया कि रतिया मंडी में हैफेड द्वारा सोमवार, बुधवार, शुक्रवार व शनिवार को खरीद की जाएगी। खाद्य व आपूर्ति विभाग द्वारा मंगलवार व वीरवार को खरीद की जाएगी। उन्होंने बताया कि सभी कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि खरीद कार्य के दौरान किसानों व व्यापारियों को किसी भी प्रकार की दिक्कत नहीं आने दी जाए। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें