सिंबलबाला रोड पर खेत में गेंहू के अवशेष में लगी आग का दृश्य। संवाद
टोहाना। सिंबलवाला रोड स्थित खेत में रविवार दोपहर के समय गेहूं के अवशेषों में आग लग गई। दमकल विभाग और ग्रामीणों ने करीब आधे घंटे के प्रयास के बाद आग पर काबू पाया लेकिन तब तक लगभग 40 एकड़ भूसा जलकर राख हो चुका था। आग की लपटों ने आसपास की सब्जी की खेती और पेड़-पौधों को भी अपनी चपेट में ले लिया।
ग्रामीणों ने खेत मालिक के बेटे पर जानबूझकर फाने (गेहूं के अवशेष) में आग लगाने का आरोप लगाया है। उन्होंने आशंका जताई कि यदि समय पर आग पर काबू नहीं पाया जाता तो आसपास की फसलें, घर, पशु और मशरूम फार्म भी इसकी चपेट में आ सकते थे। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत से आग को फैलने से रोका।
किसान राजेंद्र ने दमकल विभाग पर देरी से पहुंचने का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि फोन करने के डेढ़ घंटे बाद फायर ब्रिगेड पहुंची, तब तक ग्रामीणों ने 10-12 ट्रैक्टरों और अन्य संसाधनों की मदद से आग पर काफी हद तक काबू पा लिया था। आग से 35-40 एकड़ भूसा जलकर राख हो गया।
पुलिस अधिकारी रघुबीर सिंह ने कहा कि सिंबल रोड पर फानों में आग लगने की सूचना मिली थी। करीब 40 एकड़ भूसे में आग लगी थी। डायल 112 और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई थी। आग पर काबू पा लिया गया है। लोग आग लगाने की बात कह रहे हैं जिसकी जांच जारी है।