वेयर हाउस के बाहर धरने पर बैठे ट्रक चालकों से बातचीत करते वेयर हाउस के मैनेजर।
फतेहाबाद। वेयर हाउस के बाहर खड़े ट्रकों से गेहूं के बैग चोरी होने का आरोप लगा शुक्रवार को ट्रक चालकों ने धरना दिया। वेयर हाउस के बाहर धरने पर बैठे चालकों ने कहा कि रोजाना रात के समय उनके ट्रकों में रखे गेहूं के बैग चोरी हो रहे हैं। जिसका भुगतान उनको करना पड़ता है।
ट्रक चालकों ने बताया कि उन्हें वेयर हाउस के अंदर गाड़ी खड़ी करने की अनुमति नहीं दी जा रही। वीरवार को भी एक गाड़ी से 27 बैग गेहूं के चोरी हो गए। इस कारण ट्रक ड्राइवर परेशान हैं। 5 से 6 वारदात गेहूं के बैग चोरी होने की हो चुकी है। ट्रक चालकों ने कहा के वेयर हाउस के पास पूरी लेबर भी नही है, जिस कारण वे कई घंटों तक ट्रक लेकर कतार में लगे रहते हैं। सबसे ज्यादा रात के समय गेंहू के बैग चोरी होने की आशंका रहती है।
ट्रक चालक बलदेव सिंह, सतनाम सिंह, जरनैल सिंह, हरदेव, गोपी, देवेंद्र ने बताया कि लगतार बढ़ रही चोरी की वारदात से ट्रक चालक परेशान हैं। धरनास्थल पर पहुंचे वेयरहाउस के मैनेजर राजेश कुमार ने ट्रक चालकों को आश्वासन दिया कि ज्यादा लेबर लगाकर अनलोडिंग का काम जल्दी कर दिया जाएगा। ट्रक वेयर हाउस के अंदर खड़ा करने की मांग पर उन्होंने कहा कि कुछ ट्रकों को ही वे वेयर हाउस के अंदर खड़े करने की इजाजत दे सकते हैं।
पुलिस की गश्त होने बावजूद भी चोरी
धरने पर बैठे ट्रक चालकों ने कहा कि पुलिस की गाड़ी इस रोड पर गश्त पर रहती है लेकिन फिर भी चोर गेहूं के बैग चुराने में कामयाब हो रहे हैं। ट्रक चालक बलदेव सिंह ने कहा कि रात 2 बजे तक ट्रक चालक जागकर अपने ट्रकों की रखवाली करते हैं लेकिन सुबह उठते हैं तो गेहूं के बैग गायब मिलते हैं।