फतेहाबाद। जिले में पिछले साल के बजाय इस बार गेहूं की बंपर आवक हुई है, लेकिन वर्ष 2020-21 से यह आवक काफी कम है। जिले में अब तब 42719 किसानों की पांच लाख 97 हजार 805 मीट्रिक टन गेहूं की आवक हुई है। इसके साथ ही पांच लाख 18 हजार 360 मीट्रिक टन गेहूं की फसल का उठान किया गया है जो कि आवक का 87 प्रतिशत है। वहीं पिछले साल चार लाख 29 हजार मीट्रिक टन की गेहूं की ही आवक हुई थी। जबकि 2020-21 के सीजन में रिकार्ड सात लाख 12 हजार मीट्रिक टन गेहूं की आवक हुई थी।
फतेहाबाद में इस बार साढ़े चार लाख एकड़ में गेहूं की बिजाई हुई है। इस बार मार्च माह में हुई बेमौसम बारिश के कारण गेहूं का कुछ रकबा भी खराब हुआ था और ओलावृष्टि से रतिया के पांच गांवों की फसल भी 80 फीसदी तक नष्ट हो गई थी। इसके बावजूद इस बार गेहूं की अच्छी आवक हो रही है। जिले में अब तक पांच लाख 97 हजार 805 मीट्रिक टन गेहूं की आवक हुई है। इसमें से खाद्य आपूर्ति विभाग ने 7482 किसानों की एक लाख 24 हजार 505 मीट्रिक टन, हैफेड ने 15828 किसानों की दो लाख 69 हजार 115 मीट्रिक टन, एचडब्ल्यूसी ने 6250 किसानों की एक लाख पांच हजार 228 मीट्रिक टन व एफसीआई ने 13159 किसानों की 98 हजार 957 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद हुई है।
फसल के उठान का कार्य जारी
इसके साथ ही मंडियों व खरीद केंद्रों में रबी फसल का उठान कार्य भी निरंतर जारी है। जिला में अब तक पांच लाख 18 हजार 360 मीट्रिक टन गेहूं की फसल का उठान किया गया है, जिसमें खाद्य आपूर्ति विभाग ने एक लाख पांच हजार 184 मीट्रिक टन, हैफेड ने दो लाख 28 हजार 444 मीट्रिक टन, एचडब्ल्यूसी ने 96 हजार 587 मीट्रिक टन व एफसीआई ने 88 हजार 147 मीट्रिक टन गेहूं की फसल का उठान किया है। जिला में किसानों की गेहूं की फसल निर्धारित समर्थन मूल्य 2125 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदी जा रही है।
जिले में तीन सालों में गेहूं आवक का ब्योरा
साल आवक
2020-21 712551
2021-22 696461
2022-23 429641
2023:24 597905 (अब तक)
नोट: आंकड़े मीट्रिक टन में हैं।
कोट
जिले में गेहूं का इस बार अच्छा उत्पादन हुआ है। हालांकि गेहूं का रकबा कम हुआ है, लेकिन पिछले साल की बजाए, इस बार उत्पादन अच्छा हुआ है।
- डॉ. राजेश सिहाग, डीडीए, फतेहाबाद