फतेहाबाद क्षेत्र में छाई बादलवाही। संवाद
- फोटो : सांकेतिक
फतेहाबाद। जिले में शनिवार को मौसम में बदलाव देखने को मिला, जब दिनभर बादलवाही रही। बादलों की वजह से धुंध से राहत मिली, लेकिन सूर्य देव के दर्शन नहीं हो सके, जिससे ठिठुरन बनी रही। लोग दिनभर धूप निकलने का इंतजार करते रहे।
शनिवार को जिले के तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव हुआ। अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 06 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, जिले में 8 जनवरी तक मौसम परिवर्तनशील रहने की उम्मीद जताई गई है। अधिकतम तापमान में मामूली वृद्धि के बावजूद धूप न निकलने के कारण दिन में ठंड का अहसास बना रहा।
वहीं, न्यूनतम तापमान में गिरावट ने रात और सुबह की सर्दी को और बढ़ा दिया। पिछले एक सप्ताह से कोहरे के कारण सड़क यातायात और जनजीवन प्रभावित था, लेकिन शनिवार को दृश्यता में सुधार हुआ, जिससे वाहन चालकों को राहत मिली। हालांकि, दिनभर धूप न निकलने के कारण बाजार और पार्कों में रौनक कम रही।
:: राज्य में मौसम 8 जनवरी तक खुश्क रहने के आसार है। परंतु 5 व 6 जनवरी को बीच-बीच में हल्के बादल छाए रहने व उत्तर व उत्तर पश्चिमी शीत हवाएं चलने से रात्रि तापमान में गिरावट आने के आसार हैं। वातावरण में नमी होने से उत्तर व दक्षिणी हरियाणा में ज्यादातर स्थानों पर अलसुबह व देर रात्रि को गहरी धुंध छा सकती है।
-डॉ. मदन खिचड़ विभागाध्यक्ष मौसम विज्ञान विभाग, हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार।