बड़ी कठिनए ज्ञान की डगर...स्कूल जाने के लिए ईंट के सहारे से सड़क को पार करते बच्चे। संवाद
जाखल। वार्ड 7 स्थित पीएम श्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय और राजकीय मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल के बाहर सड़क पर व्याप्त जलभराव की समस्या से जल निकासी व्यवस्था ठप होने से विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विद्यार्थियों को स्कूल आने जाने में समस्या हो रही है। स्थिति जानकर भी जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि समस्या का समाधान करने की जहमत नहीं उठा रहे हैं। बरसाती पानी जमा होने से राहगीर भी परेशान हैं। बीमारी फैलने का डर सता रहा है।
बुधवार अलसुबह हुई बारिश के कारण विद्यालयों के बाहर पानी भर गया। ऐसे में स्कूली बच्चे दूषित पानी के बीच में ईंटें रखकर स्कूल प्रांगण में प्रवेश करते नजर आए।
पिछले लंबे समय से बंद पड़ा रिचार्ज बोर, निकासी अवरुद्ध
यहां जल निकासी के लिए नगर पालिका की ओर से स्कूल के समीप ही रिचार्ज बोर का निर्माण कराया हुआ है लेकिन अब यह बोर पिछले लंबे समय से बंद पड़ा है। इसके कारण पानी निकासी नहीं हो पा रही है। बारिश के दौरान यहां स्थिति विकराल रूप धारण कर लेती है। बरसात के बाद यहां सड़क तालाब का रूप ले लेती है।
-
इस बारे में खंड शिक्षा अधिकारी से बात की जाएगी, स्कूल के सामने पानी नहीं भरना चाहिए। समस्या का समाधान करवाया जाएगा।
संगीता बिश्नोई, जिला शिक्षा अधिकारी, फतेहाबाद।
समस्या को लेकर तुरंत कर्मचारी को भेज दिया गया है। इसकी सफाई करवाई जा रही है। जल्द ही यह समस्या दूर करवा दी जाएगी।
प्रवीन कुमार, सचिव नगर पालिका, जाखल।