फतेहाबाद। गांव बीघड़ की मुख्य फिरनी लंबे समय से जर्जर हालत में है। सड़क पर गड्ढे और जलभराव की स्थिति के कारण ग्रामीणों तथा राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
फिरनी पर कई स्थानों पर बड़े-बड़े गड्ढे बन चुके हैं। निकासी की व्यवस्था ठीक नहीं होने से मामूली बारिश या घरों का गंदा पानी भी सड़क पर जमा हो जाता है। इससे मार्ग पर अक्सर जलभराव बना रहता है और लोगों का आवागमन प्रभावित होता है। यह फिरनी गांव बीघड़ को जिला मुख्यालय से जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है।
इसी रास्ते से ढांड, धारणिया और बनगांव होते हुए आदमपुर की तरफ रोजाना सैकड़ों लोग आवागमन करते हैं। बसें, निजी वाहन और दोपहिया चालक भी इसी मार्ग का उपयोग करते हैं। सड़क की खराब हालत के कारण वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। गड्ढों से गुजरते समय वाहनों के कलपुर्जे खराब हो रहे हैं और यात्रा में अधिक समय लग रहा है।
रात के समय स्थिति और गंभीर हो जाती है। फिरनी पर पर्याप्त लाइटें नहीं होने से अंधेरा रहता है जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने सड़क की मरम्मत और निकासी व्यवस्था सुधारने की मांग उठाई है ताकि आवागमन सुगम हो सके।
बारिश के सीजन में बनती है जलनिकासी की समस्या
ग्रामीण रवि, हरिराम, नत्थू, खेमचंद और भाल सिंह आदि ने बताया कि सड़क टूटने का मुख्य कारण यहां जल निकासी की उचित व्यवस्था का न होना है। फिरनी के किनारे बनी नालियों का लेवल सड़क से ऊंचा है। इस वजह से पानी सड़क पर ही ठहरा रहता है। लंबे समय तक जलभराव रहने के कारण सड़क की ऊपरी परत उखड़ गई है और अब वहां पत्थर और कीचड़ दिखाई देता है। इससे राहगीरों पैदल चलने व वाहन चालकों को परेशानी हो रही है।
पिछले कई दिनों से सड़क के नवनिर्माण और मरम्मत की मांग कर रहे हैं लेकिन अभी तक केवल आश्वासन ही हाथ लगे हैं। गांव की इस मुख्य फिरनी का समाधान किया जाना चाहिए।
-रामस्वरूप ग्रामीण।
गांव की मुख्य फिरनी पर जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त नहीं हुई है। प्रशासन को चाहिए कि जनहित और यातायात की सुगमता को देखते हुए बीघड़ गांव की फिरनी की जल्द सुध लें।
-रवि कुमार, ग्रामीण।
अक्सर बारिश के दिनों में फिरनी पर जलभराव की स्थिति बनती है। जिस कारण छोटे वाहनों चालकों का यहां गुजरना मुश्किल हो जाता है।
प्रशासन को इसका निर्माण कार्य करवाना चाहिए।
- हंसराज, ग्रामीण।
गांव बीघड़ से कई गांवों का जुड़ाव है। ऐसे में मंडी आदमपुर की सभी बसें गांव से होकर गुजरती है। सुबह के समय बसों में भीड़ होने के कारण कई बसों के टायर पंचर हो चुके हैं।
- कैलाश ग्रामीण।
-
:: गांव बीघड़ की फिरनी का ज्यादातर हिस्सा लोक निर्माण विभाग के अंडर आता है। ग्राम पंचायत की ओर से सभी काम पूरे किए गए हैं। वहीं फिरनी की समस्या के बारे में विभाग को अवगत करवा दिया गया है।
-हरिकृष्ण कटारिया, सरपंच गांव बीघड़ प्रथम।
गांव बीघड़ की मुख्य फिरनी पर बने गड्ढें। संवाद