फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Fatehabad News: हाईवे से उतरने लगा पानी, एक फुट और घटा जलस्तर, खतरा अभी भी बरकरार, चिल्ली में लगाए पांच पंपसेट

Mon, 24 Jul 2023 11:08 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, फतेहाबाद
विज्ञापन
विज्ञापन
फतेहाबाद। शहर में नेशनल हाईवे-9 के किनारे और ढाणियों में बाढ़ का पानी कम होने लगा है। मगर खतरा अभी तक टला नहीं है। गांव खान मोहम्मद में ड्रेन खोदकर शुरू की गई पानी निकासी का फायदा यह हुआ है कि बाढ़ के पानी का स्तर एक से डेढ़ फुट तक कम हो गया है।
विज्ञापन

रविवार को छह इंच तक पानी कम हुआ था। हालांकि शहर में खतरे को भांपते हुए नगर परिषद प्रशासन ने चिल्ली क्षेत्र में पानी निकासी के लिए पांच पंपसेट लगवा दिए हैं। तेज बारिश होने पर चिल्ली में जलभराव की आशंका है, ऐसे में वहां अगर पानी भरा तो उसे पंपसेट के जरिए बाढ़ की चपेट में आए खेतों में ही निकाल दिया जाएगा। घग्गर नदी पर बने चांदपुरा साइफन पर रविवार को 16900 क्सूसेक पानी बह रहा था जो सोमवार को घटकर 16360 क्यूसेक हो गया।

खान मोहम्मद में ड्रेन को गहरा करने का काम शुरू
सिंचाई विभाग ने गांव खान मोहम्मद में से पानी की निकासी को लेकर खोदी गई ड्रेन को गहरा करने का काम शुरू करवा दिया है। सोमवार को ड्रेन को मशीन के जरिए गहरा किया गया। हाईवे किनारे के बाढ़ के पानी को ड्रेन के माध्यम से निकाला जा रहा है।
विज्ञापन


महामारी फैलने का खतरा, बाढ़ के पानी में दवाई का छिड़काव शुरू
हांसपुर चौक से लेकर भूना ओवरब्रिज तक करीब दो किलोमीटर तक वन-वे पर बाढ़ का पानी है। पानी ठहरने के कारण मच्छर पनपने का खतरा बढ़ गया है। इसके चलते स्वास्थ्य विभाग को महामारी फैलने की चिंता भी सताने लगी है। सोमवार को स्वास्थ्य विभाग ने हाईवे किनारे पानी में टेमीफोस दवाई का छिड़काव शुरू करवाया है।

डीसी-एसपी ने गांव खान मोहम्मद का किया निरीक्षण
उपायुक्त मनदीप कौर व पुलिस अधीक्षक आस्था मोदी ने गांव खान मोहम्मद व हिजरावां कलां का दौरा किया और वहां पानी निकासी व मौजूदा हालातों की जानकारी ली। उपायुक्त ने सिंचाई विभाग के एसई ओपी बिश्नोई व पंचायती राज विभाग के एक्सईएन देवेंद्र सिंह के साथ पानी निकासी को लेकर बनाए गए प्लान की समीक्षा भी की।

राहत शिविर में लोगों को मुआवजा की चिंता, बोले- सब कुछ बर्बाद हो गया
बाढ़ की चपेट में आई ढाणियों के लोग राहत शिविर में रुके हुए हैं। सोमवार को डीसी मनदीप कौर पहुंची तो लोगों ने कहा कि उनके खेत में खड़ी फसल और मकान खत्म हो चुके हैं। उनका सब कुछ बर्बाद हो गया है। डीसी मनदीप कौर ने कहा कि घबराने की जरूरत नहीं है। प्रशासन नुकसान का सर्वे करवाएगा और रिपोर्ट सरकार को भेजी जाएगी। सरकार से उन्हें उचित मुआवजा दिलवाया जाएगा।

आधे शहर का बारिश का पानी रंगोई नाले में निकाला जाता है, लेकिन वहां पर ओवरफ्लो के कारण पानी निकासी नहीं हो पाएगी और चिल्ली में जलभराव होगा। इसके चलते चिल्ली में से पंपसेट के जरिए पानी निकासी होगी।
अमित कौशिक, एक्सईएन, नगर परिषद फतेहाबाद

बाढ़ के पानी का स्तर कम हो रहा है और जल्द ही पानी निकासी हो जाएगी। अभी तक आबादी वाले क्षेत्रों में जलभराव नहीं हुआ है। लोगों तक बिजली, पानी, स्वास्थ्य की सेवाएं निर्बाध जारी है।
विज्ञापन

मनदीप कौर, उपायुक्त, फतेहाबाद
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें