रतिया नगर पालिका लेखाकार से बातचीत करते हुए पार्षद विजय कुमार :संवाद
रतिया। नगर पालिका में चार साल के विकास कार्यों और टेंडर रिकॉर्ड को लेकर चल रहे विवाद के बीच सोमवार को पार्षद रिकॉर्ड की जांच करने पहुंचे लेकिन अधिकारी नहीं मिलने पर नाराजगी जताई। पार्षदों ने नगर पालिका सचिव को तीन दिन का समय देते हुए रिकॉर्ड उपलब्ध करवाने की मांग की है। ऐसा नहीं होने पर कार्यालय में तालाबंदी करने की चेतावनी दी गई है।
प्रशासन ने इससे पहले चार पार्षदों को पत्र भेजकर सोमवार को प्रस्तावित तालाबंदी नहीं करने की अपील की थी। पत्र में कहा गया था कि कार्यालय में तालाबंदी करने के बजाय पार्षद नगर पालिका अभियंता और लेखाकार से रिकॉर्ड का अवलोकन कर सकते हैं। इसी के तहत पार्षद विजय कुमार, कामरेड अजमेर सिंह, गौरव शर्मा, रमेश गर्ग, विकी, गुरविंदर सिंह, हैप्पी सिंह, जसवीर सिंह सहित अन्य पार्षद सोमवार को नगर पालिका कार्यालय पहुंचे।
पार्षदों का आरोप है कि मौके पर नगर पालिका सचिव, म्यूनिसिपल इंजीनियर और कनिष्ठ अभियंता मौजूद नहीं मिले। पार्षदों ने बताया कि लेखाकार मंजीत कौर ने भी रिकॉर्ड दिखाने के संबंध में कोई निर्देश मिलने से इन्कार किया। इससे नाराज पार्षदों ने रोष जताया और कहा कि चार साल के विकास कार्यों का पूरा रिकॉर्ड जल्द उपलब्ध करवाया जाए।
पार्षदों ने नगर पालिका सचिव को तीन दिन का समय दिया है। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय में रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं करवाया गया तो नगर पालिका कार्यालय में तालाबंदी की जाएगी।
रतिया नगर पालिका लेखाकार से बातचीत करते हुए पार्षद विजय कुमार :संवाद