फतेहाबाद। जिले की अनाज मंडियों में सरसों और गेहूं की आवक में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। मगर प्रशासन की तरफ से मंडी में किए गए प्रबंध नाकाफी साबित होने लगे हैं। वहीं वेयर हाउसिंग कॉरपोरेशन ने अभी तक सरसों का उठान शुरू नहीं करवाया है। इस कारण किसानों और आढ़तियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सरसों के उठान में हो रही देरी के कारण किसान फसल के भुगतान का भी इंतजार कर रहे हैं। जिले में हैफेड ने सरसों की खरीद बंद कर दी है, मगर भूना की अनाज मंडी में अभी भी हैफेड सरसों की खरीद कर रही है। भूना अनाज मंडी में 2313 मीट्रिक टन सरसों की खरीद हो चुकी है।
भट्टू अनाज मंडी में अभी तक कुल 86,000 क्विंटल सरसों की खरीद हो चुकी है, जिसमें से 33,000 क्विंटल सरसों की खरीद हरियाणा वेयर हाउसिंग कॉरपोरेशन ने की है। फतेहाबाद में शुक्रवार को 3329 क्विंटल और कुल 11,059 क्विंटल सरसों की खरीद वेयर हाउसिंग कॉरपोरेशन कर चुका है। जिले में अभी तक वेयर हाउसिंग कॉरपोरेशन कुल 3702.72 मीट्रिक टन सरसों की खरीद चुका है, लेकिन अभी तक उठान शुरू नहीं किया है। इस कारण वेयर हाउसिंग में किसानों के 21.30 करोड़ रुपये का भुगतान बाकी है जबकि हैफेड में 30 करोड़ रुपये बाकी है।
गेहूं की खरीद का इंतजार
जिले की अनाज मंडियों में पिछले तीन-चार दिनों से गेहूं की आवक शुरू हो चुकी है। मगर एजेंसियों ने अभी तक गेहूं की खरीद शुरू नहीं की है। इस कारण जिले के किसानों को गेहूं की फसल की खरीद का इंतजार करना पड़ रहा है। हालांकि, भट्टू के साइलो में शुक्रवार को 2100 क्विंटल गेहूं की खरीद हुई। यहां अभी तक कुल 4200 क्विंटल गेहूं की खरीद हो चुकी है।
-
जौ की फसल को एमएसपी पर खरीदने वाला कोई नहीं
वहीं जौ की फसल बेचने आ रहे किसानों को कोई खरीदार नहीं मिल रहा है। अनाज मंडी में आए गांव गिल्लाखेड़ा निवासी किसान मनीराम ने बताया कि वह 8 अप्रैल को अपनी जौ की फसल को लेकर पुरानी अनाज मंडी में आया था। इसके बाद जौ की सरकारी खरीद नहीं हुई है। चार दिनों में दो व्यापारी आए थे, जिन्होंने जौ की फसल को 1600 रुपये प्रति क्विंटल खरीदने की बात कही है। मगर जौ का भाव 1850 से लेकर 1900 क्विंटल तक है।
-
:: अनाज मंडी में गेहूं की आवक बढ़ रही है। खरीद एजेंसियां सक्रिय हैं। किसानों को किसी तरह की परेशानी नहीं आने दी जाएगी।
यशपाल मेहता, सचिव, मार्केट कमेटी फतेहाबाद