भूना। गांव जांडलीखुर्द में भारतीय स्टेट बैंक के एटीएम को लूटने के मामले में मुख्य आरोपी एवं गिरोह का सरगना सोनू उर्फ बच्ची व उसके दो अन्य सहयोगी बदमाशों सौरभ बाल्मीकि तथा सुशील सरसोद को सीआईए पुलिस ने शनिवार को फतेहाबाद बाईपास के पास से काबू कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों से एक गाड़ी भी बरामद की है। पुलिस पूछताछ में उन्होंने हाल ही में तीन बड़ी वारदात कबूल की है। तीनों को रविवार को न्यायालय में पेश करके रिमांड पर लिया जाएगा। इनमें से दो अपराधियों ने 25 जनवरी की अलसुबह एक मजदूर को गोली मार दी थी। सीआईए पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर यह गिरफ्तारी की है।
एटीएम लूटने का पूरा प्लान बच्ची ने ही तैयार किया था
सीआईए फतेहाबाद की गिरफ्त में आए बच्ची गैंग का सरगना सोनू उर्फ बच्ची व सौरभ बाल्मीकि तथा सुशील सरसोद ने बताया कि एटीएम लूटने में उनका हाथ था और पूरी योजना बच्ची ने ही तैयार की थी। इसके अतिरिक्त 25 जनवरी की सुबह पवन पुत्र रमेश कुमार को गोली गलती से लग गई थी। जबकि वे गुरजीत सिंह नामक युवक को ठिकाने लगाने आए थे। पुलिस ने तीनों अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है और रविवार को न्यायालय में पेश करके 5 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा।
हवाई फायर कर के लोगों में दहशत पैदा करता था बच्ची
कुख्यात बदमाश सोनू उर्फ बच्ची पुलिस वांटेड अपराधी है जो कई मामलों में अभियुक्त है। बच्ची पर हत्या, हत्या प्रयास, लूटपाट, डकैती, मारपीट, हफ्ता वसूली व चोरी तथा चोरी का सामान रखने के कई संगीन मुकदमे दर्ज है। बच्ची अधिकतर दुकानदारों से हफ्ता वसूली को लेकर हवाई फायर इत्यादि करके दहशत पैदा कर रहा था। जिसमें वह कामयाबी हुआ और कई लोग उसे हफ्ता देते थे।