उत्तर पश्चिम रेलवे बीकानेर मंडल के रेल उपभोक्ता सलाहकार समिति के सदस्य ब्रह्मानंद गोयल ने बीकानेर मंडल के डीआरएम और अन्य अधिकारियों के साथ मीटिंग की। इस दौरान भट्टूकलां रेलवे स्टेशन की मांगों को पूरा करने के लिए अगले सप्ताह बीकानेर मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक सीआर कुमावत भट्टूकलां रेलवे स्टेशन पर दौरा भी करेंगे। रेल अधिकारियों के साथ बैठक में ब्रहमानंद गोयल ने भट्टू, आदमपुर, डींग सहित अनेक रेलवे स्टेशनों की मांगे प्रमुख रूप से उठाकर उनका समाधान करवाने के लिए कहा।
भट्टू रेलवे स्टेशन पर सौंदर्यीकरण करने के लिए ग्राम पंचायत भट्टूकलां ने उन्हें प्रस्ताव दिया था। इसको उन्होंने मीटिंग में रखा। यात्रियों के लिए जल सेवा करने के लिए कई समाज सेवी लोग पानी का टैंक स्वयं के खर्चे पर बनवाना चाहते है। इसके लिए भी मीटिंग में मंजूरी लेने का प्रयास किया गया। उन्होंने बताया कि भट्टूकलां रेलवे स्टेशन पर शेड बहुत छोटा और नीचा है। प्लेटफार्म ऊंचा उठाने के बाद शेड को ऊपर नही उठाया गया है। हिसार से बीकानेर चलने वाली गाड़ी को सिरसा तक बढ़ाया जाए। यहां नया बन रहे लोडिंग व
अनलोडिंग प्लेटफार्म की चौड़ाई कम है, जबकि इसके साथ लगती रेलवे की छह फुट जगह पड़ी है, इसे चौड़ा किया जाए। इन मांगों को शीघ्र पूरा करने के लिए अगले सप्ताह बीकानेर मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक सीआर कुमावत भट्टूकलां रेलवे स्टेशन का दौरा करेंगे। इस अवसर पर मार्केटिंग सोसायटी के पूर्व वाइस चेयरमैन आत्माराम बेनिवाल, सज्जन कुमार सांई, मानसिंह सहित अनेक लोग मौजूद थे।