रतिया। गांव नंगल के ग्रामीणों ने पंचायती रास्तों पर हुए अवैध कब्जे हटाने की मांग को लेकर सोमवार को खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी अनिल कुमार से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे डीसी कार्यालय फतेहाबाद पर धरना देने को मजबूर होंगे।
ग्रामीण डिंपल कुमार, संदीप कुमार, सुरेश कुमार, लक्ष्मण दास, लखवीर, पाल, पूरन चंद, सरवन कुमार, परवीन कुमार, भजन लाल और रवि कुमार सहित अन्य लोगों ने बताया कि गांव नंगल ढाणी में पंचायती रास्तों की जमीन पर कई लोगों ने कब्जा किया हुआ है। इससे ग्रामीणों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि कब्जे हटाने के लिए पहले भी कई बार प्रयास किए गए लेकिन कार्रवाई पूरी नहीं हो सकी। उन्होंने कहा कि 24 जुलाई को भी कब्जा हटाने की तारीख तय की गई थी लेकिन कार्रवाई स्थगित हो गई। ग्रामीणों के अनुसार बीडीपीओ कार्यालय के निर्देश पर ग्राम पंचायत नंगल ने रास्तों की निशानदेही करवाई थी। इसमें पंचायती रास्तों पर 34 लोगों के कब्जे सामने आए थे।
इसके बाद बीडीपीओ कार्यालय ने 3 जुलाई को पत्र जारी कर रास्ता नंबर 180, 291, 292, 293, 294 और 295 से कब्जे हटाने के लिए 24 जुलाई को कार्रवाई तय की थी। कार्रवाई के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया था और पुलिस बल की व्यवस्था के लिए पुलिस अधीक्षक कार्यालय को पत्र भेजा गया था। सभी कब्जाधारकों को नोटिस जारी कर स्वयं कब्जा हटाने के निर्देश दिए गए थे।
ग्रामीणों का आरोप है कि निर्धारित दिन अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे जिस कारण कार्रवाई नहीं हो सकी। उन्होंने कहा कि प्रशासन लगातार पत्राचार कर रहा है लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो रहा। बीडीपीओ अनिल कुमार ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि जल्द ही पुलिस और राजस्व विभाग के सहयोग से कब्जे हटाने की कार्रवाई करवाई जाएगी।
-
गांव नंगल में कब्जा हटाने के लिए 24 जुलाई को पुलिस फोर्स की मांग की गई थी लेकिन तब ग्रामीणों ने उनसे कुछ समय का समय मांगा था। जिस पर एक सप्ताह का समय दिया गया था अब अगर ग्रामीणों ने कब्जे नहीं हटाया तो जल्द पुलिस सहायता लेकर कब्जे हटा दिए जाएंगे।
- अनिल कुमार, बीडीपीओ।