फतेहाबाद के लघु सचिवालय के बाहर उपायुक्त से मिलने के निए पहुंचे ग्रामीण। संवाद
फतेहाबाद। गांव खाराखेड़ी के निलंबित सरपंच संजय को बहाल करने की मांग पर शुक्रवार को ग्रामीण लघु सचिवालय पहुंचे और प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई करने की मांग की है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि प्रशासन की ओर से सरपंच को निलंबित करने के मामले में उनको कोई नोटिस या पक्ष नहीं सुना गया।
उपायुक्त से मिलने के लिए पहुंचे गांव के पंच सोनू, मेनका, मीनू, के अलावा ग्रामीण अनिल, कैलाश, संदीप, राजेंद्र, अशोक, रामचंद्र, जगदीश आदि का कहना है कि सरपंच को गांव में हुए एक लड़ाई-झगड़े में मामले में गलत तरीके से फंसाया जा रहा है। जिस व्यक्ति ने लड़ाई-झगड़े की शिकायत दी है, वो अनुसूचित जाति से संबंध रखता है। इस कारण पुलिस की ओर से शक के आधार पर सरपंच को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इसके बाद प्रशासन सरपंच को निलंबित कर दिया।
-
ग्रामीण बोले कार्यवाहक सरपंच नहीं करवा पा रहा काम
ग्रामीणों का कहना है कि निलंबित सरपंच संजय ने अपने कार्यकाल में गांव में कई विकास कार्यों को करवाया है। जब से वह जेल गए हैं तब से गांव में विकास कार्य बंद पड़े हैं। जो कार्यवाहक सरपंच है वह विकास कार्यों करवाने के लिए गंभीर नहीं है। प्रशासन से अनुरोध है कि वे जल्द से मामले की निष्पक्ष जांच कर निलंबित किए गए सरपंच को बहाल करें।