समैन। गांव कन्हड़ी में बाहरी सड़क पर जलभराव की समस्या से 20 से अधिक घरों के लोग परेशान हैं। ग्रामीणों के अनुसार समस्या करीब 10 साल पुरानी है। बारिश के दिनों में हालात गंभीर हो जाते हैं। सड़क पर जमा पानी घरों में घुसने लगता है।
ग्रामीण डॉ. दर्शन सिंह, सतीश, जसबीर, राहुल, जरनैल, अनिल, सुखदेव और रामकुमार ने बताया कि सड़क किनारे बना नाला लंबे समय से बंद पड़ा है। इसकी नियमित सफाई नहीं होती। इससे घरों से निकलने वाला दूषित पानी सड़क पर जमा हो जाता है।
ग्रामीण दर्शन सिंह ने बताया कि जलभराव के कारण सड़क के आसपास गंदा पानी फैल जाता है। इसमें मच्छर पनप रहे हैं। इससे आसपास के घरों में बीमारियां फैलने का खतरा बढ़ गया है। बारिश के दौरान स्थिति और खराब हो जाती है।
ग्रामीणों ने बताया कि समस्या के समाधान के लिए एसडीएम, बीडीपीओ और सीएम विंडो पर कई बार लिखित शिकायत दी जा चुकी है। इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। ग्रामीणों ने प्रशासन से नाले की सफाई कराने और जलनिकासी की उचित व्यवस्था करने की मांग की है।
-
गांव के बाहरी हिस्से में सड़क किनारे बने नाले की सफाई नहीं होने के कारण जलभराव की समस्या बनी रहती है। बारिश के दिनों में यह समस्या काफी गंभीर हो जाती है। सड़क पर चारों तरफ पानी भर जाता है। इससे ग्रामीणों को कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। प्रशासन से मांग है कि इस समस्या का तुरंत समाधान किया जाए।
- दर्शन सिंह, ग्रामीण
घर के सामने बनी सड़क पर जलभराव की समस्या बनी हुई है। इस समस्या के समाधान के लिए टोहाना के एसडीएम, बीडीपीओ और सीएम विंडो पर कई बार लिखित शिकायत दर्ज करवाई है। इसके बावजूद अभी तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है। प्रशासन से मांग है कि इस समस्या का तुरंत समाधान किया जाए।
- राहुल, ग्रामीण
गांव के बाहरी हिस्से में सड़क पर जलभराव की समस्या के लिए कई ग्रामीण स्वयं जिम्मेदार हैं। सड़क किनारे बने नाले में कूड़ा डालकर इसे बंद कर दिया जाता है। ग्राम पंचायत इस नाले की कई बार सफाई करवा चुकी है। फिर भी ग्रामीणों की इस समस्या का जल्द से जल्द समाधान करवाने का प्रयास होगा।
- प्रदीप सिंह, सरपंच प्रतिनिधि कन्हड़ी
गांव कन्हड़ी में सड़क पर बनी जलभराव की समस्या को तुरंत हल करवाने का प्रयास किया जाएगा।
- राहुल, बीडीपीओ, टोहाना।