भट्टूकलां। गांव जांडवाला बागड़ में 4 करोड़ 56 लाख रुपये की लागत से चल रहे जलघर के नवीनीकरण कार्य में घटिया सामग्री इस्तेमाल किए जाने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने वीरवार को निर्माण कार्य रुकवा दिया। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए विभाग के उच्च अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग की है।
सरपंच सुंदर नंबरदार, साधूराम, सतबीर, रमेश कुमार, भूप, बलबीर, अभय सिंह और श्रवण ने बताया कि बुधवार को निर्माण कार्य का निरीक्षण करने के दौरान वाटर स्टोरेज टैंक के तल पर करीब एक सप्ताह पहले डाला गया कंक्रीट उखड़कर बिखरता मिला। इसके बाद उन्होंने काम रुकवाकर विभागीय अधिकारियों को स्थिति से अवगत कराया और मौके की जांच की मांग की।
ग्रामीणों का आरोप है कि रात के समय संबंधित स्थान पर मशीन से दोबारा सामग्री डालकर खामियों को छिपाने का प्रयास किया गया। इससे ग्रामीणों में रोष और बढ़ गया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि विभागीय कार्यकारी अभियंता मौके पर पहुंचकर जांच नहीं करते हैं तो वे आंदोलन शुरू करने को मजबूर होंगे।
सरपंच सुंदर नंबरदार ने कहा कि निर्माण कार्य में भ्रष्टाचार की आशंका नजर आ रही है और गांव में किसी भी प्रकार की धांधली नहीं होने दी जाएगी। सूचना मिलने पर कनिष्ठ अभियंता बलविंदर मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि कार्य पूरी पारदर्शिता के साथ कराया जाएगा।
उन्होंने सुझाव दिया कि ग्रामीण निगरानी समिति बनाकर निर्माण कार्य की देखरेख कर सकते हैं। हालांकि ग्रामीण उच्च अधिकारियों के मौके पर पहुंचने की मांग पर अड़े रहे। कनिष्ठ अभियंता ने कहा कि ग्रामीणों की शिकायत उच्च अधिकारियों तक पहुंचा दी गई है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शुक्रवार तक कोई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा तो वे आगे की रणनीति तय करेंगे।