भूना।जांडली खुर्द गांव के वाल्मीकि मोहल्ले में पिछले चार दिनों से बिजली आपूर्ति ठप होने से पर
भूना। जांडली खुर्द के वाल्मीकि मोहल्ले में चार दिन से बिजली गुल रहने पर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। मंगलवार सुबह ग्रामीण सिरसा-चंडीगढ़ स्टेट हाईवे-2 पर पहुंच गए और जाम लगा दिया। इससे यातायात बाधित हो गया।
ग्रामीणों ने बताया कि मोहल्ले का ट्रांसफार्मर खराब होने के बाद बिजली निगम के अधिकारियों से लगातार शिकायत की गई। समस्या का समाधान नहीं हुआ तो सोमवार को परिवारों ने घर-घर से चंदा जुटाया और नया ट्रांसफार्मर लगवाया। यह ट्रांसफार्मर रात को ही जल गया। इसके बाद लोगों को पूरी रात भीषण गर्मी और मच्छरों के बीच गुजारनी पड़ी।
विक्रम सिंह, कृष्ण कुमार, राजेंद्र सिंह, सुभाष चंद्र, हवा सिंह, रामकुमार, सुरेश कुमार और मुकेश कुमार आदि ने कहा कि मोहल्ले में बड़ी संख्या में परिवार रहते हैं। बिजली नहीं होने से बच्चों और बुजुर्गों सहित सभी को परेशानी हो रही है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि मोहल्ला आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण उनकी शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया गया। इसी वजह से उन्हें सड़क पर उतरना पड़ा। ग्रामीणों ने कहा कि समय रहते शिकायत पर कार्रवाई होती तो उन्हें हाईवे जाम नहीं करना पड़ता।
गांव के सरपंच बलवंत सिंह पूनिया ने बिजली निगम के एसडीओ से फोन पर बातचीत कर मोहल्ले की समस्या से अवगत कराया और खराब ट्रांसफार्मर को तुरंत बदलवाने की मांग की। सरपंच की सूचना के बाद एसडीओ ने टीम को मौके पर भेजकर ट्रांसफार्मर बदलने के आदेश दिए।