सामान्य अस्पताल के बाहर बनी हुई गैलरी में तीन दिनों से अंधेरा छाया हुआ है। जिससे गैलरी के बाहर लाइटें व पंखे बंद है। लाइट न होने से मरीजाें के साथ आए परिजनों को काफी परेशानी हो रही है। वहीं सिक्योरिटी में लगे गार्डों को भी सुरक्षा को लेकर काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। अस्पताल स्टाफ की लापरवाही के चलते लाइट के हल्के से फाल्ट को ठीक नहीं किया गया है।
अंधेरे में कैसे होगी सुरक्षा
लाइट न होने के कारण महिला वार्ड के बाहर अंदर से गैलरी तक गहरा अंधेरा छा जाता है। जिससे सिक्योरिटी में लगे गार्डों को मोबाइल लाइट से काम चलाना पड़ रहा है। सिक्योरिटी गार्ड स्वयं जाकर लाइट ठीक करते है, परंतु थोड़ी देर बाद लाइट फिर से खराब हो जाती है।
नहीं है वेटिंग रूम
सामान्य अस्पताल में मरीजों के साथ आने वाले परिजनों को मरीजों के साथ बैठने नहीं दिया जाता है। अस्पताल में वेटिंग रूम न होने के कारण परिजन वार्ड के बाहर गैलरी में ही बैठ जाते हैं। परंतु गैलरी में पिछले तीन से लाइट खराब होने के कारण पंखे व लाइटें बंद पड़ी है। परिजन दिन में जैसे-तैसे गुजारा कर लेते हैं। लेकिन रात को उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
भट्टू से आए महेंद्र ने बताया कि उसकी पत्नी की ऑपरेेशन से डिलीवरी हुई थी। उन्हें अंदर जाने से मना करने पर वह बाहर गैलरी में बैठ तो जाते है। लेकिन गर्मी में पंखे न चलने के कारण उन्हें काफी दिक्कत हो रही है। वहीं मुस्सेअली से आए गुरजंट सिंह ने कहा कि तीन दिन से लाइट खराब है, जिसके बारे में उन्होंने स्टाफ को भी कहा था। परंतु कोई इसे ठीक करने ही नहीं आ रहा है।
बरसात से खराब हुई है ठीक हो जाएगी
सामान्य अस्पताल के इलेक्ट्रिशियन महेंद्र कुमार ने बताया कि पिछले दिनों हुई बरसात के कारण लाइट खराब हुई है। जब मौसम ठीक हो जाएगा तो लाइट भी ठीक हो जाएगी।
क्या कहते है अधिकारी
एसएमओ डॉ. विनोद शर्मा नेे कहा कि बरसात के कारण लाइट खराब हुई। उसका सही फाल्ट मिल नहीं रहा है। फाल्ट मिलने पर उसे जल्दी ठीक कर दिया जाएगा।