जूट का थैला वितरित करते एडीसी।
- फोटो : Fatehabad
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के अवसर पर जिला भर में अनेक स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित कर सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ संकल्प लिया गया। अतिरिक्त उपायुक्त महाबीर प्रसाद ने शहर में सफाई अभियान चलाने के साथ-साथ सब्जी मंडी फतेहाबाद जाकर दुकानदारों से प्लास्टिक थैले के बजाए जूट और कपड़े के थैले अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर एडीसी ने जूट के थैले वितरित किए और इसे अपनी दिनचर्या में सिंगल यूज पॉलिथीन के इस्तेमाल को पूरी तरह बंद कर अपने आस-पड़ोस में भी लोगों को जागरूक करने की अपील की।
अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि प्लास्टिक का इस्तेमाल भले ही आज हमारे जीवन का हिस्सा बन चुका हो लेकिन पर्यावरण को पहुंचने वाले नुकसान के प्रति भी हमें जागरूक होना पड़ेगा। सिंगल यूज प्लास्टिक जोकि हमारी मिट्टी की उर्वरा शक्ति को कम करता है साथ ही स्वास्थ्य के लिए भी बेहद खतरनाक है। हम सबको अपने रोजमर्रा के जीवन में सिंगल यूज प्लास्टिक जिसमें पॉलिथीन के इस्तेमाल से बचते हुए कपड़े या जूट का थैला अपनाना होगा ताकि इस धरा की सुरक्षा में हम अपना योगदान कर सके। आप स्वयं तथा अपने आसपास भी लोगों को कपड़े व जूट के थैले इस्तेमाल करने के लिए जागरूक करें। उन्होंने कहा कि जबसे प्लास्टिक का प्रयोग शुरू हुआ है, हर स्थान दूषित होता जा रहा है। अब जागरूक होने का समय आ गया है। सभी लोग आज राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर शपथ लें कि प्लास्टिक के प्रयोग को बंद करेंगे और वातावरण को स्वच्छ व साफ रखने में सकारात्मक सहयोग देंगे।
इसके उपरांत अतिरिक्त उपायुक्त ने शहर में अनेक स्थानों पर चलाए गए सफाई अभियान में भी भाग लिया और लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया। अतिरिक्त उपायुक्त ने लघु सचिवालय स्थित कन्हैया पार्क में स्कूली बच्चों के साथ पौधरोपण किया और पार्क में सफाई अभियान चलाया। अतिरिक्त उपायुक्त ने बच्चों से पौधे गोद लेकर इसकी देखभाल भी करें। इस अवसर नगराधीश नवीन कुमार, नगर परिषद चेयरमैन दर्शन नागपाल, डीएफओ रघुबीर जांगू, डीपीएम रणविजय सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारियों सहित सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी मौजूद थे।