नगर परिषद की हाउस मीटिंग में भ्रष्टाचार के मुद्दे छाए रहे। पार्षदों ने नप अधिकारियों पर भ्रष्टाचार करने के आरोप लगाते हुए जांच कराने की मांग की। मीटिंग में नप प्रधान ने हाउस टैक्स और प्रॉपर्टी आईडी में जल्द बड़ा घोटाला उजागर करने का संकेत दिया। यहां तक कि पार्षदों के बीच प्रॉपर्टी आईडी को लेकर हो रहे गड़बड़झाला को लेकर बिल्डिंग इंस्पेक्टर विकास बजाज के दो इंक्रीमेंट रोकने के लिए सहमति बनी। प्रधान दर्शन नागपाल ने कहा कि इंक्रीमेंट रोकने से पहले पक्ष भी लिया जाएगा। मीटिंग में पार्षद राकेश गंभीर ने लॉकडाउन में शौचालयों में ताला लगा होने के बावजूद 1 लाख 88 हजार रुपये का सफाई बिल पास करने का मुद्दा उठाया।
मीटिंग में वार्डों में लाइटें न होने का मुद्दा भी गरमाया रहा। मंगलवार को नप में बजट मीटिंग रखी गई थी। बजट मीटिंग के बाद प्रस्तावों को मंजूरी देने के लिए चर्चा हुई। मीटिंग में 12 प्रस्ताव रखे गए जिसमें मुख्य तौर लाइटें खरीदने को लेकर हंगामा हुआ। पार्षदों ने कहा कि पिछले चार साल से वार्डों में लाइटें नहीं पहुंचे, हर बार टेंडर रद्द कर दिया जाता है। इसको लेकर प्रधान दर्शन नागपाल और पार्षद प्रतिनिधि दीपू टुटेजा के बीच बहस हुई। हंगामे के बाद अंदर के वार्ड में 50 तथा बाहरी वार्ड में 100 लाइटें खरीदने के लिए टेंडर लगाने का सहमति बनी। मीटिंग में प्रधान दर्शन नागपाल, उपप्रधान सुनीता रत्ति, ईओ जितेंद्र कुमार, कार्यकारी अभियंता अमित कौशिक, जेई सुमित चौपड़ा, सुखविंद्र धूड़िया समेत पूर्व प्रधान अनिल गर्ग, पार्षद व पार्षद प्रतिनिधि मौजूद रहे।
प्रॉपर्टी आईडी लेने और हाउस टैक्स ब्रांच में बिना रुपये काम न होने का मुद्दा उठाया : मीटिंग में प्रस्ताव को मंजूरी देने के बाद भ्रष्टाचार के मुद्दे छाए रहे। पार्षदों ने प्रॉपर्टी आईडी लेने और हाउस टैक्स ब्रांच में बिना रुपये काम न होने का मुद्दा उठाया। इस पर प्रधान ने कहा कि जल्द हाउस टैक्स और प्रॉपर्टी आईडी को लेकर बड़ा खुलासा करेंगे। इसके बाद पार्षदों ने कहा कि बिल्डिंग इंस्पेक्टर विकास बजाज का रूवैया ठीक नहीं है और उस पर आरोप लग चुके हैं इसलिए दो इंक्रीमेंट रोके जाए। इस पर पार्षदों ने सहमति दे दी लेकिन प्रधान ने कहा कि पहले पक्ष लिया जाएगा। पार्षद राजकुमार सैनी ने रतिया रोड से हांसपुर रोड तक घटिया क्वालिटी की टाइलें बिछाने का मुद्दा उठाया। मीटिंग में प्रस्ताव पास किया गया कि इंटरलोकिंग टाइलों की जांच होगी कि वह आईएसआई मार्का की है या नहीं है। मीटिंग में डंपिंग साइट पर जेसीबी चलाने के बिलों में गड़बड़झाला का मुद्दा उठाया गया। प्रधान ने कहा कि आशंका है कि इसके बिलों में गड़बड़ी हुई है। प्रधान दर्शन नागपाल ने कहा कि दो साल के बिलों की जांच होगी। पार्षद प्रतिनिधि विनय शर्मा ने कहा कि मास्टिक सड़क के टेंडर में घोटाला हुआ है। करोड़ो रुपये का टेंडर जारी करके रातोंरात सड़क बना दी गई जिसका कोई लेवल नहीं है। इसकी तकनीकी अधिकारियों से जांच करवाई जाए।
पांच कर्मचारियों पर गिरी गाज : मीटिंग में पार्षदों ने पांच आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को हटाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी। पार्षदों ने कहा कि आउटसोर्सिंग कर्मचारियों का काम करने का तरीका सही नहीं है। बिल्डिंग ब्रांच में तैनात लवप्रीत, तकनीकी ब्रांच में तैनात हिमांशु, सफाई ब्रांच में तैनात औंकार, तकनीकी ब्रांच में तैनात सुशील को हटाने के लिए प्रस्ताव पास किया गया। सेनेटरी इंस्पेक्टर औंकार सिंह पर पहले भी आरोप लगे थे और इस दौरान हटा दिया गया था।
एस्समेंट के लिए दो पड़ोसियों की गवाही जरूरी : एस्समेंट के लिए लोगों को दस्तावेज के लिए तंग करने को लेकर पार्षदों ने मुद्दा उठाया। पार्षदों ने कहा कि अधिकारी व कर्मचारी एस्समेंट देने के लिए चक्कर कटवाते हैं और पुराना रिकार्ड मांगते हैं। मीटिंग में प्रस्ताव रखा गया कि एस्समेंट की नकल लेने के लिए प्रार्थी को दो पड़ोसी आगे-पीछे से सत्यापित करवाया जाए। इसके बाद पार्षद लिखकर देगा और नप नकल जारी कर दे। पार्षदों ने प्रॉपर्टी आईडी को खत्म करने का प्रस्ताव रखा। पार्षदों ने कहा कि कई जिलों प्रोपर्टी आईडी का कोई सिस्टम नहीं है।
दिवंगत पार्षद वजीर जाखड़ के नाम होगा पार्क का नाम : मीटिंग में पार्षद प्रतिनिधि रणजीत ओढ ने कहा कि पार्षद वजीर जाखड़ के नाम पर किसी पार्क या फिर चौराहे का नाम रखा जाए। इस प्रस्ताव को सभी पार्षदों ने मंजूरी दी। पार्षद वजीर जाखड़ की करीब दो माह पहले बीमारी के चलते मौत हो गई थी।
नप नहीं खरीदेगा रोड स्वीपिंग मशीन, प्रस्ताव रद्द : नप ईओ जितेंद्र कुमार ने कहा कि निदेशक कार्यालय से रोड स्वीपिंग मशीन भेजी जा रही है। इस पर 4.70 लाख रुपये खर्च होगा और ठेेकेदार को रोजाना 80 लीटर डीजल खर्च देना होगा। पार्षदों ने इस प्रस्ताव को रद्द कर दिया।
रोक के बावजूद पहुंचे पार्षद प्रतिनिधि, चुप बैठी महिला पार्षद : प्रधान दर्शन नागपाल ने एक दिन पहले कहा था कि मीटिंग में कोई भी पार्षद प्रतिनिधि नहीं आएगा लेकिन इसके बावजूद मीटिंग में पार्षद प्रतिनिधि सोनू कुक्कड़, दीपू टुटेजा, रणजीत ओढ तथा विनय शर्मा मौजूद रहे। अहम बात यह रही कि मीटिंग में पहुंची महिला पार्षदों में से सिर्फ नेहा मितल तथा ज्योति मेहता ने मुद्दे उठाए। इसके अलावा अन्य महिला पार्षद चुप बैठी रही। महिला पार्षद श्वेता टुटेजा मीटिंग के बीच में ही चली गई।
मैं मुख्यमंत्री और गृहमंत्री को दूंगा शिकायतें : प्रधान
मेरे ऊपर बहुत दबाव डाला जा रहा है, अब मैं किसी पार्षद के दबाव में नहीं आऊंगा। नप में हो रहे भ्रष्टाचार की सीएम और गृहमंत्री को शिकायत दूंगा। 10 दिन के अंदर सभी जांच शुरू होंगी। बिल्डिंग इंस्पेक्टर विकास बजाज पर आरोप लग रहे हैं उस पर कार्रवाई से पहले स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। जहां तक रजिस्टर में मुद्दे चढ़ाने की बात है, सभी मुद्दे चाहे वह जांच के हैं उन्हें चढ़ाया जाएगा।
- दर्शन नागपाल, प्रधान, नगर परिषद।