फतेहाबाद में निरोगी हरियाणा के तहत चेकअपे करते हुए स्वास्थ्यकर्मी
फतेहाबाद। निरोगी हरियाणा के तहत 16 फीसदी लाभार्थियों का ही चेकअप हुआ है। इसी कड़ी में स्वास्थ्य विभाग ने जिले में एक अनूठी पहल की है। इस योजना के तहत जिले के एक गांव निरोगी हरियाणा कार्यक्रम के तहत पूरी तरह से निरोगी गांव बनाया जाएगा। पायलट प्रोजेक्ट के रूप में इस अभियान को आठ अगस्त से खंड भट्टू के सिरढ़ान गांव में चलाया जाएगा।
इस कार्यक्रम के दौरान सिरढ़ान गांव में करीब 850 निरोगी लाभार्थियों के लिए एक सप्ताह का निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया जा रहा है। डॉ. मेजर शरद तुली को इस कार्यक्रम का नोडल अधिकारी बनाया गया है। एक हफ्ता चलने वाले इस अभियान में सिरढ़ान गांव के राजीव सेवा केंद्र में स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया जाएगा। गांव के करीब 850 लाभार्थियों के स्वास्थ्य की संपूर्ण जांच की जाएगी। इसमें रक्त व पेशाब के नमूनों की जांच करने के साथ-साथ अन्य जांच भी शामिल होगी। किसी व्यक्ति में कोई बीमारी पाई जाती है तो उसका इलाज भी किया जाएगा। इस तरह प्रशासन का लक्ष्य जिले के कम से कम एक गांव को पूरी तरह से निरोगी गांव बनाने का है।
जिले में अब तक 16 फीसदी का ही हुआ है चेकअप
जिले में निरोगी हरियाणा अभियान के तहत 4 लाख 92 हजार लाभार्थी हैं। इसमें से अब तक विभाग 82433 का चेकअप कर चुका है। चेकअप के दौरान लाभार्थियों के 5 लाख 17 हजार टेस्ट किए गए हैं।
लाभार्थियों के चेकअप के दौरान ये मिल चुकी हैं बीमारियां :
एनीमिया - 2328
कुपोषण - 54
कैंसर - 18
शुगर - 1041
बीपी - 1784
हार्ट - 65
अन्य बीमारी - 360
यह पूरे प्रदेश में अपनी तरह की पहली ऐसी अनूठी पहल है, जिसमें सरकार की एक योजना का लाभ एक गांव के शत प्रतिशत लाभार्थियों को देने का प्रयास किया जाएगा।
- मेजर डॉ.शरद तुली, उप सिविल सर्जन