रतिया। गांव खैरपुर में दो युवकों ने एक किराना की दुकान से 7 हजार रुपये चुरा लिए। पुलिस ने थोड़ी देर में एक युवक को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
गांव खैरपुर निवासी भगवान दास ने पुलिस को शिकायत में बताया था कि वह गांव में किराना की दुकान करता है। इस दौरान मानसा निवासी सोनू व एक अन्य युवक यश उसकी दुकान पर आए और उससे कुछ सामान मांगने लगे। जब वह सामान लेने के लिए दुकान के पीछे गया तो उक्त युवकों ने उसके गल्ले में पड़े हुए 7000 रुपये चुरा लिए और फरार हो गए।
इस मामले में पुलिस ने जांच करते हुए सोनू को गिरफ्तार कर लिया जबकि दूसरा युवक अभी काबू नहीं आया है। सदर थाना प्रभारी राजवीर सिंह ने बताया कि सोनू को 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान पैसों की रिकवरी दूसरे आरोपी के बारे में पूछताछ की जाएगी।