फतेहाबाद। शहर के रतिया रोड पर मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने तीन महिलाओं के साथ छीनाझपटी की। महिलाओं को लिफ्ट देने और पता पूछने के बहाने मोबाइल, नकदी व कानों की बालियां छीन ली। हालांकि एक घटना को सोमवार और दो अन्य को 10 दिन पहले अंजाम दिया गया है। जबकि दो मामले मंगलवार को पुलिस ने दर्ज किए हैं। सोमवार को हुई महिला के साथ हुई छीनाझपटी की वारदात में दो आरोपियों के नाम भी सामने आए हैं। मंगलवार को पुलिस ने मामले में आरोपी टोहाना हाल ठाकर बस्ती निवासी रोहन और कबीर बस्ती निवासी सूरज को काबू कर लिया है। आरोपियों ने तीनों वारदातें कबूल कर ली है। आरोपियों को आज पुलिस कोर्ट में पेश करेगी।
पहला मामला : पता पूछने के बहाने दिया वारदात को अंजाम
पुलिस को दी शिकायत में फतेहाबाद के शक्ति नगर निवासी अमरजीत कौर ने बताया कि उसने भाटिया कॉलोनी में मनियारी की दुकान कर रखी है। सोमवार को दोपहर तीन बजे जब घर से दुकान पर जा रही थी तो एसबीआई बैंक वाली गली में मोटरसाइकिल पर दो युवक आए और उन्होंने प्रोफेसर कॉलोनी के बारे में पूछा और फिर धक्का मारकर लिफाफा छीनकर फरार हो गए। जिसमें मोबाइल फोन और करीब पांच हजार की नकदी थी। वारदात को अंजाम देने वालों में ठाकर बस्ती निवासी राहुल और कबीर बस्ती निवासी सूरज था। मामले में महिला अमरजीत कौर की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दूसरा मामला : लिफ्ट देने के बहाने छीनी बालियां
फतेहाबाद के मसीतां वाली ढाणी निवासी महेंद्र कौर ने बताया कि 22 जुलाई को वह पेंशन लेने के लिए फतेहाबाद पैदल आ रही थी, रास्ते में मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने उसे लिफ्ट के बहाने मोटरसाइकिल पर बिठा लिया। इसके बाद युवक रतिया पुलिस से हिसार रोड की तरफ ले गए और मोटरसाइकिल रोककर दोनेां कानों की बालियां छीनकर उसे धक्का मारकर फरार हो गए। दोनों बालियों का वजन करीब एक तोला था। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तीसरा मामला : चारा लेकर जा रही महिला को बनाया निशाना
शक्ति नगर निवासी राजेंद्र कौर ने बताया कि 21 जुलाई की शाम को हरा चारा लेकर अपने घर की तरफ जा रही थी। शिव मंदिर रतिया रोड पर लगे वाटर कूलर से पानी पीने लगी तो मोटरसाइकिल सवार दो लड़के आए और उन्होंने उसके कान की एक बाली छीन ली और रतिया की तरफ फरार हो गए। बाली का वजन करीब ढाई ग्राम है।
कोट
रतिया रोड पर छीनाझपटी की वारदात को अंजाम देने के मामले में दो आरोपियों को काबू किया गया है। आरोपियों को बुधवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। पूछताछ में अभी ये ही सामने आया है कि नशे के लिए वारदात को अंजाम देते थे।
-जगदीश कुमार, शहर थाना प्रभारी