फतेहाबाद। हर घर तिरंगा अभियान के तहत जिले में प्रशासन तीन लाख तिरंगे बांटेगा। लोगों को गांव, खंड, उपमंडल व जिला स्तर पर डाक घर, पंचायत घर, आंगनबाड़ी केंद्र आदि स्थानों पर तिरंगा उपलब्ध करवाया जाएगा। यह जानकारी डीसी प्रदीप कुमार ने मंगलवार को हर घर तिरंगा अभियान की समीक्षा बैठक के दौरान दी।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज हमारे देश के गौरव का प्रतीक है। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हर घर पर तिरंगा फहराने के लिए एक आह्वान किया है। इसके चलते 13 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान चलेगा। जिले में प्रत्येक घर पर तिरंगा फहराया जाएगा, इसके लिए सभी विभागों के अधिकारी पूरी लगन व निष्ठा के साथ काम करें। विद्यार्थियों के साथ-साथ युवा क्लब व सामाजिक-धार्मिक संस्थाओं को साथ लिया जाए। डीसी ने बताया कि स्कूलों में प्रार्थना सभाओं में विद्यार्थियों को तिरंगे के प्रति जागरूक किया जाएगा और शिक्षक-अभिभावक बैठकों का आयोजन होगा। वन विभाग द्वारा हर घर तिरंगा अभियान के तहत पौधरोपण भी किया जाएगा। बैठक में नगराधीश सुरेश कुमार ने तिरंगा अभियान की रूपरेखा के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
इस दौरान एडीसी अजय चोपड़ा, एसडीएम राजेश कुमार, एसडीएम रतिया डॉ. वीरेंद्र सिंह, आरटीए सचिव संजय बिश्नोई, डीएसपी सुभाष चंद्र, जिप अतिरिक्त सीईओ आंचल भास्कर, डीआरओ हरिओम अत्री, डीडीपीओ बलजीत चहल सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
डीसी बोले- 13 से 15 अगस्त तक प्रत्येक घर पर नजर आना चाहिए तिरंगा
डीसी ने कहा कि इस अभियान के तहत जिले को प्रदेश में अव्वल लाने का प्रयास किया जाए। 13 से 15 अगस्त के बीच प्रत्येक घर पर तिरंगा नजर आना चाहिए। इसके लिए स्थानीय शहरी निकाय, पंचायत विभाग, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के साथ-साथ अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी आपसी तालमेल बनाकर कार्य करें। डीसी ने कहा कि हर घर तिरंगा लगाने के लिए विभिन्न विभागों को अलग-अलग जिम्मेदारी सौंपी गई है, जिसमें प्रभात फेरी, तिरंगा यात्रा, राहगीरी कार्यक्रम, ऐतिहासिक स्थलों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम, घर-घर जागरूकता अभियान, सरकारी-गैर सरकारी शिक्षण व प्रशिक्षण संस्थाओं, आंगनबाड़ी केंद्रों, स्वास्थ्य केंद्रों, स्कूलों को तिरंगे से सजाना आदि शामिल है।