फतेहाबाद में पकड़े गए आरोपी पुलिस गिरफ्त में स्त्रोत पुलिस विभाग
फतेहाबाद। एएनसी सेल ने नशीले पदार्थों की तस्करी के मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बाइक के बॉक्स में नशे की गोलियां छिपाई हुई थीं। पुलिस ने यह कार्रवाई शनिवार को रतिया रोड स्थित एफसीआई गोदाम क्षेत्र में की गई। एएनसी सेल प्रभारी निरीक्षक साधु राम ने बताया कि टीम गश्त के दौरान रतिया रोड बाईपास पुल के नीचे थी। उन्हें सूचना मिली कि अनिल कुमार निवासी साबरवास, जिला हिसार और संदीप कुमार उर्फ टिल्ला निवासी खजूरी जाटी, जिला फतेहाबाद, बाइक पर सवार होकर एफसीआई गोदाम के पास नशे की गोलियां बेचने की फिराक में खड़े हैं।
इस सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को काबू कर लिया। तलाशी के दौरान बाइक के बॉक्स से 75 टैबलेट (5 पत्ते) और 100 टैबलेट (10 पत्ते) बरामद किए। इस संबंध में दोनों आरोपियों के खिलाफ शहर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस ने कहा कि तस्करों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी और नशीले पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए निगरानी बढ़ाई जाएगी।