भट्टू कलां। गांव सूलीखेड़ा से शेखुपुर रोड पर ट्रैक्टर की चपेट में आने से दो वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। बुधवार को पुलिस ने मृतक बच्ची के शव का पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने आरोपी ट्रैक्टर चालक भागीराम के खिलाफ लापरवाही से ट्रैक्टर चलाने का केस दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार दो वर्ष की बच्ची कोमल अपनी माता रानी देवी निवासी भट्टू कलां के साथ सूलीखेड़ा से शेखुपुर की ओर जा रही थी कि तभी सामने से आ रहे ट्रैक्टर की चपेट में आने से कोमल गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे तुरंत भट्टू कलां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। उसकी गंभीर अवस्था के चलते उसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। घायल को अग्रोहा से निजी अस्पताल हिसार ले जाया गया। जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस को दिए बयान में रानी देवी ने बताया कि वह गांव सूलीखेड़ा में किसान राजेंद्र के खेत में नरमा चुगने गई हुई थी। दोपहर को जब वह सूलीखेड़ा से पीने का पानी लेकर खेत में वापस जा रही थी तो उसकी बच्ची कोमल उसके साथ आगे चल रही थी। तभी सामने से तेज गति से आ रहे ट्रैक्टर चालक ने उसे टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। संवाद