फतेहाबाद में बनी बस स्टैंड चौकी संवाद
फतेहाबाद। बढ़ते क्षेत्र और जनसंख्या के चलते बस स्टैंड चौकी व दरियापुर पुलिस चौकी को थाना में अपग्रेड करने की तैयारी शुरू हो गई है। जिला पुलिस प्रशासन ने इसका प्रस्ताव तैयार कर मुख्यालय को भेज दिया है। वहीं भूना शहर में नई पुलिस चौकी स्थापित करने का प्रस्ताव पहले ही भेजा जा चुका है। पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि शहर के बीघड़ चौक पर जाम की समस्या को देखते हुए यहां पुलिस बूथ बनाया जाएगा। साथ ही पुलिसकर्मियों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी, ताकि यातायात और सुरक्षा व्यवस्था बेहतर हो सके। एसपी ने बताया कि पहले शहर थाना बस स्टैंड चौकी की जगह पर स्थित था, लेकिन नए सेक्टर में शिफ्ट होने के बाद बस स्टैंड चौकी का क्षेत्र बढ़ गया है, जबकि स्टाफ की संख्या चौकी स्तर की ही है।
इस वजह से इसे थाना में बदलने की आवश्यकता महसूस की जा रही है। उन्होंने बताया कि हाल ही में माजरा शोरूम मामले के सफल समाधान पर व्यापारिक संगठनों ने क्राइम यूनिट टीम को सम्मानित किया। एसपी ने कहा कि इस मामले में शेष रिकवरी जल्द की जाएगी।-
दो अपराधियों की संपत्ति होगी कुर्क:
ऑपरेशन ट्रैक डाउन के तहत 5 से 10 नवंबर तक हत्या, लूट, डकैती और संगठित अपराधों में शामिल 15 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें से दो की संपत्ति कुर्क करने की प्रक्रिया शुरू की गई है, जबकि 13 अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोली गई है। वहीं पुलिस ने बुलेट बाइक में मॉडिफाई साइलेंसर लगाने वालों पर सख्ती की है। अब पुलिस बाइक में प्रेशर हॉर्न लगाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई करेगी।
-
नशा तस्करी पर पुलिस की सख्ती:
जनवरी 2025 से अब तक पुलिस ने 229 नशा तस्करी के मामले दर्ज कर 522 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान 9.29 किलो अफीम, 7.57 किलो हेरोइन, 1970 किलो चूरा पोस्त, 634 किलो गांजा, 1.46 लाख नशीली गोलियां और 325 पोस्त पौधे बरामद किए गए। धुंध के मौसम में हादसे रोकने के लिए पुलिस अब होटल किनारे खड़े वाहनों को हटवाएगी और वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगाने का विशेष अभियान चलाएगी।