फतेहाबाद। गांव मुस्सेअहली में घर के बाहर खेल रही डेढ़ साल की बच्ची को पालतू कुत्ते उठाकर ले गए और 8 जगह से नोच दिया। बच्ची को गंभीर हालत में फतेहाबाद के निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। मामले में पुलिस ने बच्ची के पिता चांदी की शिकायत पर पालतू कुत्तों के मालिक गांव मुस्सेअहली निवासी सुरेंद्र के खिलाफ मामला दर्ज किया है। फतेहाबाद क्षेत्र में कुत्ते के काटने पर मालिक के खिलाफ पहला मामला दर्ज हुआ है।
मामले के मुताबिक पुलिस को दी शिकायत में मुस्सेअहली निवासी चांदी ने बताया कि उसकी दो बेटियां हैं जिसमें खुशी और डेढ़ साल की महक है। 22 नवंबर को दिन के समय भाई के एक साल के लड़के नसीब के साथ बेटी महक मेन गेट के पास खेल रही थी। पड़ोसी सुरेंद्र के दो पालतू कुत्ते आए और बेटी महक को उठाकर ले गए। भाई के बेटे नसीब ने चिल्लाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर पहुंचे तो बेटी महक वहां नहीं थी। इधर-उधर ढूंढा तो सुरेंद्र के दोनों कुत्ते शेड के नीचे बच्ची को ले जाकर नोच रहे थे। बेटी को कुत्तों से बड़ी मुश्किल से छुड़वाया गया और फतेहाबाद के वधवा अस्पताल में लेकर पहुंचे। आरोप है कि आरोपी सुरेंद्र ने अपने पालतू कुत्तों को खुले में छोड़ा जिससे उन्होंने बेटी को नोच दिया। पुलिस के मुताबिक डॉक्टर की रिपोर्ट में बच्ची को शरीर पर आठ जगह पर चोटें पहुंची हैं।
26 टांके आए, अस्पताल से अभी छुट्टी नहीं
कुत्तों के हमले में घायल बच्ची महक के चाचा बादल ने बताया कि बच्ची के शरीर पर 26 टांके आए हैं। कुत्ते बच्ची को उठाकर मालिक के घर ले गए जहां पर शेड था और वहां पर नोचने लगे। बच्ची तीन दिन से दाखिल है और अभी तीन दिन का समय लगेगा।
कुत्ते काटने के रोजाना 20 से ज्यादा केस
नागरिक अस्पताल फतेहाबाद में कुत्ते के काटने के रोजाना 20 से ज्यादा केस आ रहे हैं। अस्पताल में रैबीज का इंजेक्शन लगवाने के लिए मरीज पहुंचते हैं। एंटी रैबीज इंजेक्शन का अस्पताल में फिलहाल स्टॉक है। पिछले दिनों इसको लेकर काफी दिनों तक दिक्कत रही थी।
नगर परिषद में पालतू कुत्तों का एक भी रजिस्ट्रेशन नहीं
नगर निकाय ने नगर परिषदों और नगर पालिकाओं को पालतू कुत्तों का रजिस्ट्रेशन करने के निर्देश दिए थे। लेकिन जानकार हैरानी होगी कि पालतू कुत्तों को लेकर फतेहाबाद नगर परिषद में एक भी मालिक ने रजिस्ट्रेशन नहीं करवाया है।
कुत्तों की नसबंदी के लिए नहीं लगाया टेंडर
पशुपालन विभाग के उप निदेशक डॉ.सुखविंद्र ने बताया कि कुत्तों की नसबंदी को लेकर टेंडर लगाया जाता है। शहर में नगर परिषद और ग्रामीण क्षेत्र में पंचायत द्वारा टेंडर प्रक्रिया को पूरा किया जाता है।
अगर किसी के पास पालतू कुत्ता है तो उसके मालिक को रजिस्ट्रेशन करवाना जरूरी है। सरल पोर्टल पर भी रजिस्ट्रेशन करवाया जा सकता है।
- महेश कुमार, एसआई नगर परिषद
पालतू कुत्ते के काटने पर बच्ची घायल हुई है। मामले में बच्ची के पिता की शिकायत पर पालतू कुत्तों के मालिक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। कुत्ते देसी नस्ल के बताए जा रहे हैं। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
- यादविंद्र सिंह, शहर थाना प्रभारी