भट्टू कलां। भट्टू मंडी के एक डॉक्टर सहित दो लोगों की राजस्थान के भादरा के पास सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। इस घटना में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार भट्टू मंडी में सूर्या अस्पताल के संचालक नरेश कुमार अपनी कार लेकर भट्टू से राजस्थान के पल्लु जा रहे थे। कार में उनके सहयोगी गौतम, मोहन व श्याम सुंदर भी साथ थे। बताया जाता है कि कार में सवार चारों लोग राजस्थान में कैंप लगाने जा रहे थे। भट्टू कलां से वह सभी सुबह जल्दी चले थे। भादरा से नोहर रोड पर करणपुरा के पास कार के आगे अचानक आवारा पशु आने के कारण कार अनियंत्रित होकर कीकर के पेड़ से टकरा गई। इस दुर्घटना में करीब 40 वर्षीय नरेश कुमार व गांव चिंदड निवासी करीब 38 वर्षीय गौतम की मौके पर ही मौत हो गई। कार में सवार श्याम सुंदर व मोहन गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जयपुर रेफर किया गया है।