पंचायत मंत्री का एसडीओ को सस्पेंड करने का आदेश
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हरियाणा के फतेहाबाद के जाखल में विकास एवं पंचायत मंत्री देवेंद्र सिंह बबली ने मंगलवार को जाखल के रेस्ट हाउस में जनता दरबार लगाकर लोगों की समस्याएं सुनीं। मंत्री के समक्ष गांव जाखल निवासी जनक सिंह ने शिकायत दी कि बिजली निगम की ओर से उनके गांव दिवाना के बस स्टैंड के पास प्लॉट में ट्रांसफार्मर लगवा दिया गया है।
जब टोहाना ग्रामीण सब डिवीजन के एसडीओ अमित यादव से ट्रांसफार्मर हटवाने की मांग की तो उन्होंने दुर्व्यवहार किया। इस पर पंचायत मंत्री तैश में आ गए। उन्होंने एसडीओ अमित यादव को जमकर लताड़ लगाते हुए उसको सस्पेंड करने के आदेश दे दिए।
निगम की गलती, प्लॉटधारक से कह रहे एस्टीमेट की राशि भरो
प्लॉट धारक जनक सिंह का आरोप था कि एसडीओ से जब प्लॉट के अंदर से ट्रांसफार्मर को हटवाने की गुहार लगाई तो उन्होंने कोई सुनवाई नहीं की। एसडीओ ने कहा कि ट्रांसफार्मर शिफ्ट करने के लिए एस्टीमेट बनाया जाएगा। सारी राशि प्लॉटधारक को ही देनी होगी। परेशान प्लॉटधारक ने पंचायत मंत्री के जनता दरबार में जाकर एसडीओ की शिकायत कर दी।
एक महीने बाद होगी समीक्षा
पंचायत मंत्री ने कहा कि एक महीने के बाद फिर से जनता दरबार लगाया जाएगा, जिसमें इस जनता दरबार में आई हुई समस्याओं की समीक्षा की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता दरबार में आई हर समस्या का गंभीरता के साथ समाधान होना चाहिए।