फतेहाबाद। डेंगू मरीज एक बार फिर से बढ़ने शुरू हो गए हैं। बुधवार को दो युवतियां डेंगू पॉजिटिव मिली है। जिले में डेंगू मरीजों का आंकड़ा 88 पर पहुंच गया है। अब तक ओपीडी में जांच के दौरान 1839 डेंगू आशंकित केस मिल चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक गांव काजलहेड़ी निवासी 20 वर्षीय युवती, रतिया के वार्ड नंबर 4 निवासी 21 वर्षीय युवती डेंगू पीड़ित मिली है। अब तक जिले में 39 मरीज डेंगू होने पर अस्पताल में दाखिल हो चुके हैं। सर्वे के दौरान 3099 जगहों पर लारवा मिला है। जिले में डेंगू के सबसे ज्यादा केस फतेहाबाद शहरी क्षेत्र में मिल चुके हैं।
इंफ्लूएंजा एच 9 एन 2 को लेकर केंद्र और राज्य सरकार अलर्ट जारी कर चुकी है। गंभीर सांस रोगियों के सैंपल लेकर निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। सीएमओ ने अब तैयारियां करने के भी निर्देश एसएमओ को दिए हैं। एसएमओ को कोविड के दौरान की गई तैयारियों का रिव्यू करने के निर्देश दिए गए हैं। कोविड के दौरान जो व्यवस्था की गई थी उसे एक बार फिर से चेक करना होगा। अगर कहीं कमी है तो सिविल सर्जन कार्यालय को रिपोर्ट देनी होगी।
फ्लू कॉर्नर करना होगा एक्टिव
अस्पतालों में फ्लू कॉर्नर को भी एक्टिव करना होगा। इसके अलावा ऑक्सीजन प्लांट और रिजर्व बेड की भी रिपोर्ट देनी होगी। हालांकि अभी तक बेड रिजर्व नहीं किए गए है।
कोट
एडवाइजरी अस्पतालों को जारी कर दी गई है। एसएमओ को निर्देश दिए गए है कि कोविड के दौरान जो तैयारियां थी उसे रिव्यू किया जाए। अगर कहीं कमी है तो इसको लेकर अवगत करवाएं
-डॉ. विष्णु मित्तल, जिला महामारी रोकथाम विशेषज्ञ