फतेहाबाद। एंटी व्हीकल थेफ्ट पुलिस टीम ने ट्यूबवेल से तार चोरी मामलों में कार्रवाई करते हुए तार चोरी के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए दोनों आरोपियों ने पुलिस पूछताछ पर केबल चोरी के करीब 27 वारदातों को कबूल किया है। दोनों युवकों की पहचान रतिया निवासी हरपाल सिंह व सुरेश उर्फ सम्पी के तौर पर हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को बाईपास रतिया रोड पुल से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से एक मामले में चोरीशुदा 100 फुट केबल बरामद की है। पुलिस ने रविवार को दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया। जहां से दोनों को न्यायिक हिरासत में हिसार भेज दिया है। जानकारी देते हुए एएसआई भूपेन्द्र सिंह ने बताया कि गांव मताना निवासी की शिकायत पर तार चोरी का मामला दर्ज किया था। आरोप था कि उसका गांव भूथन कलां के पास खेत से कोई व्यक्ति ट्यूबवेल से 100 फुट तार चोरी करके ले गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर वारदात में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का तार बरामद कर लिया। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया है। दोनों आरोपियों से जब पुलिस ने पूछताछ की तो उन्होंने गांव पिरथला, भूना से टोहाना, अयाल्की व सिरसा रोड से तार चोरी के करीब 27 वारदात कुबूल की है।
दोनों आरोपियों ये वारदात कुबूलीं
- एक-दो माह पहले भूना से टोहाना रोड पर गांव चंदड़ के पास से रात के समय 5 से 6 ट्यूबवेलों से तार चोरी किया।
- तीन माह पहले दोनों ने पिरथला गांव के पास से रात के समय 3 से 4 ट्यूबवेलों से तार चोरी किया।
- तीन माह पहले गांव अयाल्की के पास खेतों से 8 से 10 ट्यूबवेलों से रात के समय केबल चोरी किया ।
- भूना रोड पर 10 दिन पहले मंदिर के पास से रात के समय चार से पांच ट्यूबवेलों से तार चोरी किया।
- दो दिन पहले रात को सिरसा रोड पर गांव मौजुखेड़ा के आसपास से 7 से 8 ट्यूबवेलों से तार चोरी किया।
कोट
टीम ने दो आरोपियों को ट्यूबवेल तार चोरी मामले में गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से तार बरामद की गई है। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की 27 वारदात कुबूली है।
-रिछपाल, इंचार्ज एंटी व्हीकल थेफ्ट टीम