सड़क हादसे के बाद मौके पर जमा भीड़। संवाद
टोहाना। चंडीगढ़ रोड स्थित ओवरब्रिज के पास बुधवार को ट्रक चालक ने साइकिल सवार बुजुर्ग को टक्कर मार दी। इससे गुप्ता कॉलोनी निवासी बुजुर्ग राजकुमार (65) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से भाग गया।
घटना की सूचना पाकर चंडीगढ़ रोड चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल में भेजा। पुलिस ने मृतक के बेटे दिनेश के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक राजकुमार शर्मा मूनक रोड पर आटा चक्की चलाने का काम करता था। उसके तीन बेटे हैं और तीनों ही विवाहित हैं।
पुलिस के अनुसार राजकुमार दुकान पर जाने से पहले साइकिल पर सवार हो शेविंग करवाने के लिए नाई की दुकान पर जा रहा थे तभी ट्रक चालक ने उनको टक्कर मार दी। इससे वह ट्रक के नीचे आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। जांच अधिकारी मनजीत सिंह ने बताया कि शव का नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों सौंप दिया है। आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।