उकलाना रोड पर भारतीय स्टेट बैंक के सामने एक पांच वर्षीय बच्चे की ट्रक के टायर के नीचे कु़चलने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रक को छोड़कर मौके से फरार हो गया। बच्चे की मौत के बाद पुराना बाजार की दुकानें शोक में बंद रहीं।
जानकारी के अनुसार साक्षी वुडन उद्योग पर कार्यरत मजदूर सुखदेव सिंह वाल्मीकि बृहस्पतिवार की सुबह 11 बजे के करीब अपने घर से साइकिल पर एक शोक सभा में जा रहा था। उसके साथ उसका पांच वर्षीय पुत्र रोहित साइकिल की पीछे कैरियर पर बैठा हुआ था। इसी दौरान स्टेट बैंक के सामने एक ट्रक ने साइकिल को साइड मारी जिससे कैरियर पर बैठा रोहित गिर पड़ा और ट्रक के पिछले टायर के नीचे आ गया। दुर्घटना में रोहित की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक अपना ट्रक संख्या आर जे 10-जीए-7175 मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है।
उठी बाईपास की मांग
शहर के लोगों ने उपायुक्त फतेहाबाद के माध्यम से मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर फतेहाबाद-चंडीगढ़ और फ तेहाबाद जाखल तथा फ तेहाबाद-बरवाला के लिए बाईपास बनाने की मांग की है। शहरवासी सुरेश कुमार, महाबीर चुटानी, हरिओम गोयल, अशोक कुमार, महाबीर गोयल, जगदीश चन्द्र, वीरभान वर्मा, राजेश कुमार, विजय कामरा, सतीश सिंगला आदि ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में बताया है कि शहर के बीचों-बीच फतेहाबाद से चण्डीगढ़, हिसार-बरवाला और टोहाना के लिए भारी संख्या में वाहनों का आवागमन रहता है। जिसके कारण दर्जनों बार हादसे हो चुके हैं और कई बच्चे वाहनों की चपेट आने से मौत का शिकार बन चुके हैं, इसलिए भूना शहर में बाईपास सड़क बनाई जाना अति जरूरी है।