राजकीय महिला महाविद्यालय भोडिया खेड़ा में सिविल डिफेंस प्रशिक्षण कैंप में ट्रेनिंग देते जिला रे
फतेहाबाद। चौधरी मनीराम गोदारा राजकीय महिला महाविद्यालय, भोड़िया खेड़ा में सिविल डिफेंस प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों, एनसीसी व एनएसएस कैडेट्स, रेडक्रॉस वॉलिंटियर्स और युवाओं को आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए तैयार करना तथा उन्हें जीवनरक्षक तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण देना रहा।
शिविर में जिला प्रशिक्षण अधिकारी दलबीर सिंह, प्लाटून कमांडर होमगार्ड एवं फायर ऑफिसर प्रदीप कुमार, एसआई राजेश कुमार बूमरा ने भाग लिया। उन्होंने प्रतिभागियों को आपदा प्रबंधन, प्राथमिक उपचार, आग लगने पर राहत एवं बचाव कार्यों के बारे में जानकारी दी।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को ट्रेनिंग दी गई कि किसी भी आपदा जैसे युद्ध होने, भवन गिरने, गैस लीक, सड़क दुर्घटना आदि की स्थिति में किस प्रकार त्वरित और प्रभावी प्रतिक्रिया दी जा सकती है। इस शिविर में 450 छात्राओं ने सिविल डिफेंस प्रशिक्षण के लिए अपना पंजीकरण करवाया। नगराधीश गौरव गुप्ता ने प्रशिक्षण शिविर की सराहना करते हुए बताया कि इस प्रकार के शिविर विद्यार्थियों को न केवल सजग बनाते हैं, बल्कि वे समाज के लिए भी एक कुशल आपदा स्वयंसेवक के रूप में उभर सकते हैं।
इस अवसर पर जेआरसी कॉर्डिनेटर कृष्ण कक्कड़, अनिल इंदल, प्रो. विजय गढवाल, पवन कुमार, निर्मल कौशिक, कविता पुरोहित, प्रो. रीटा, प्रो. मंजू, एनएसएस प्रभारी सरोज आदि अन्य स्टाफ मौजूद रहा।