भट्टू से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को एक्सप्रेस गाड़ी में यात्रा करने के लिए अभी कुछ दिन और इंतजार करना पडे़गा। रेल विभाग ने किसान एक्सप्रेस को 14 मार्च व हरियाणा एक्सप्रेस को 15 मार्च तक रद्द करने के आदेश दिए हैं। भट्टू से दिल्ली जाने के लिए मात्र दो ही गाड़ियां हैं। जिन पर फतेहाबाद व राजस्थान के दर्जनों गांव के यात्री निर्भर रहते हैं। जाट आरक्षण आंदोलन के कारण 17 फरवरी से ये गाड़ियां बंद हैं।
अभी भी लोगों को दिल्ली जाने के लिए लोगों को मजबूरी वश बसों में सफर करना पड़ता है। जिससे धन व समय अधिक बर्बाद हो रहा है। यातायात निरीक्षक सिरसा अजय गोतम व भट्टू स्टेशन अधीक्षक नरेंद्र कुमार ने बताया कि दोनों गाड़ियों के रद्द होने के आदेश मिले हैं। उन्होंने बताया कि 12 डिब्बों की स्पेशल गुरु जंभेश्वर सिरसा नौखा मेला स्पेशल एक्सप्रेस गाड़ी 7 मार्च को चलाई जाएगी।
यह गाड़ी 7 मार्च सांय 6 बजकर 53 मिनट पर भट्टूकलां पहुंचेगी। यहां से नौखा मुकाम के लिए प्रति यात्री 130 रुपये किराया है। यह एक्सप्रेस गाड़ी 9 मार्च को सुबह 9 बजकर 55 मिनट पर नौखा से वापस चलेगी। जो भटूकलां सांय 6 बजकर 12 मिनट पर पहुंचेगी।