फतेहाबाद के गांव बीसला के पास हुई सड़क दुर्घटना मामले में अस्पताल पहुंचे मृतक के परिजन।
फतेहाबाद। गांव बीसला में शिव मंदिर के पास शनिवार रात ट्रैक्टर-ट्रॉली और मोटरसाइकिल की टक्कर हो गई। इसमें मोटरसाइकिल सवार की मौत हो गई और उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। मामले में सदर पुलिस ने मृतक गोल्डी के पिता लक्ष्मण सिंह के बयान पर आरोपी ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पिता लक्ष्मण सिंह के मुताबिक गांव भिरड़ाना निवासी गोल्डी (30) और हरबंस उर्फ बंसीलाल बोरिंग मशीन के मिस्त्री है और शनिवार को फतेहाबाद में काम के लिए आए हुए थे। रात को काम करके मोटरसाइकिल पर वापस गांव जा रहे थे। जब भूना रोड पर गांव बीसला में मंदिर के पास पहुंचे तो आगे जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली के अचानक कट मारने से पीछे आ रही मोटरसाइकिल की टक्कर हो गई। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में लाया गया। यहां पर डॉक्टर ने गोल्डी को मृत घोषित कर दिया और बंसी को प्राथमिक उपचार के बाद अग्रोहा मेडिकल रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही मृतक और घायल के परिवार के लोग नागरिक अस्पताल में पहुंचे। पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और मृतक के शव का रविवार को पोस्टमार्टम करवाकर परिवार को सौंप दिया।