फतेहाबाद। जिले में ट्रेड यूनियनों के आह्वान पर वीरवार को विभिन्न विभागों के कर्मचारी हड़ताल पर रहेंगे। हरियाणा रोडवेज कर्मचारियों ने भी हड़ताल में शामिल होने का निर्णय लिया है। कर्मचारी बस डिपो पर एकत्र होकर गेट मीटिंग करेंगे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करेंगे।
रोडवेज बसों के बंद रहने से ग्रामीण रूटों पर बस सेवाएं प्रभावित होंगी। गांवों से शहर आने-जाने वाले यात्रियों, खासकर विद्यार्थियों और नौकरीपेशा लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। जिला प्रशासन की ओर से फिलहाल कोई वैकल्पिक व्यवस्था घोषित नहीं की गई है।
सिरसा-हिसार, दिल्ली-चंडीगढ़ समेत अन्य लंबे रूटों पर भी रोडवेज बसें नहीं चलेंगी। ऐसे में यातायात निजी बसों और निजी वाहनों पर निर्भर रहेगा। रोडवेज पास धारक विद्यार्थियों को निजी साधनों का सहारा लेना पड़ेगा। हरियाणा रोडवेज सर्वकर्मचारी संघ के प्रदेशाध्यक्ष नरेंद्र दिनोद ने कहा कि लंबे समय से मांगें लंबित हैं और सरकार सुनवाई नहीं कर रही। ऐसे में हड़ताल का फैसला लिया गया है।
निजी बसों के भरोसे रहेगी व्यवस्था
रोडवेज बसों के चक्का जाम रहने से यातायात व्यवस्था निजी व सहकारी बसों पर टिकी रहेगी। हालांकि हिसार-सिरसा, फतेहाबाद-भट्टू और आदमपुर जैसे कई ग्रामीण रूटों पर निजी बसों के पर्याप्त फेरे नहीं हैं। वहीं फतेहाबाद-टोहाना, रतिया, भूना और जाखल रूट पर कुछ निजी बसें चलती हैं। ऐसे में वहां कम परेशानी की संभावना है।
सफाई व्यवस्था भी हो सकती है प्रभावित
नगर परिषद के सफाई कर्मचारी भी हड़ताल पर रहेंगे जिससे शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। हालांकि सीएसआई सतपाल सैनी ने बताया कि डोर-टू-डोर कचरा उठान निजी एजेंसी के माध्यम से जारी रहेगा। सरकारी कार्यालयों में भी कार्य प्रभावित रहने की संभावना है।
-
::::::::::
रोडवेज की ओर से सभी बसों का संचालन निर्धारित समय पर होगा। हमारी ओर से सभी तैयारियों पूरी कर ली गई हैं। मौके पर आगे की व्यवस्था की जाएगी।
सुरेंद्र सिंह, यातायात प्रबंधक, फतेहाबाद।