फतेहाबाद के गांव धांगड के राजकीय बहुतकनीकी संस्थान में दाखिले के लिए पहुंचे छात्र।
फतेहाबाद। पॉलिटेक्निक और जिले में राजकीय कॉलेजों में शुक्रवार तक दाखिले होंगे। वहीं आईटीआई में अब ऑन द स्पॉट के आधार पर 31 अगस्त तक दाखिले होंगे। वीरवार को राजकीय बहुतकनीकी संस्थान में खाली सीटों पर दाखिले के लिए छात्रों की भीड़ लगी रही। कॉलेजों में दूसरी ओपन काउंसिलिंग के बाद भी 40 फीसदी तक सीटें खाली हैं।राजकीय बहुतकनीकी संस्थान धांगड़ में खाली सीटों पर मेरिट के आधार पर वीरवार को दाखिले हुए। संस्थान की तरफ से मेरिट सूची जारी की गई। दसवीं के बाद यानि डीईटी की 115 सीटों में से 75 पर दाखिले हुए। इसके अलावा बारहवीं के बाद यानि डीईट एल की 75 खाली सीटों में से 27 दाखिले हुए। शुक्रवार को भी यहां पर खाली सीटों पर दाखिले होंगे। धांगड़ के राजकीय बहुतकनीकी संस्थान (पॉलिटेक्निक) में 300 सीटों में से 185 पर पहले ही दाखिले हो चुके हैं। खाली सीटों को भरने के लिए संस्थान की तरफ से आवेदन मांगे गए थे।
वहीं आईटीआई में अब मौके पर 31 अगस्त तक दाखिले होंगे। विभाग ने दाखिले को 25 अगस्त से बढ़ाकर 31 अगस्त तक कर दिया है। दाखिला पोर्टल पर नए आवेदन 31 अगस्त को दोपहर 12 बजे तक कर सकते हैं। इसके अलावा दाखिला शाम पांच बजे तक ले सकेंगे।
राजकीय बहुतकनीकी संस्थान धांगड़ में ये हैं सीटें
कोर्स कुल सीटें पहले हो चुके दाखिले
कंप्यूटर इंजीनियरिंग 60 39
इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग 60 42
सिविल इंजीनियरिंग 60 37
मैकेनिकल इंजीनियरिंग 60 29
डीएमएलटी 60 38
स्नातकोत्तर में दाखिले का आज आखिरी दिन
महाविद्यालयों में दाखिले को लेकर चल रही प्रक्रिया शुक्रवार के बाद थम जाएगी। स्नातकोत्तर में ओपन काउंसिलिंग के जरिए दाखिला लेने का शुक्रवार को आखिरी दिन है। इसके अलावा स्नातक में भी छात्र दाखिले के लिए शुक्रवार तक ही आवेदन कर सकेंगे। आवेदन करने वाले छात्र 26 अगस्त तक दाखिला ले पाएंगे। इसके बाद पोर्टल बंद हो जाएगी। दोबारा ओपन काउंसिलिंग के बाद भी 40 फीसदी तक सीटें खाली हैं।