फतेहाबाद। नागरिक अस्पताल में डिलीवरी के दौरान बिना सहमति के ही महिला को डॉक्टर ने कॉपर टी लगा दी। महिला के पिता का आरोप है कि जानबूझकर कॉपर टी लगा दी गई और अब निकाल भी नहीं रहे हैं। इसको लेकर उच्च अधिकारियों को शिकायत करेंगे।फतेहाबाद के मातूराम कॉलोनी निवासी सत्यवीर ने बताया कि उसकी बेटी संगीता दादरी के ककड़ोली में विवाहित है। उसकी एक साल पहले नागरिक अस्पताल फतेहाबाद में डिलीवरी हुई थी। इस दौरान बेटा हुआ। आरोप है कि डिलीवरी के दौरान ही डॉक्टर ने बिना पूछे ही बेटी को कॉपर टी लगा दी। दो माह बाद दर्द हुआ तो निकलवाने के लिए अस्पताल में आए। यहां पर महिला रोग विशेषज्ञ ने कहा कि एक साल से पहले नहीं निकाली जा सकती है। एक साल पूरा होने के बाद जब दोबारा गए तो महिला रोग विशेषज्ञ ने अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। आरोप है कि संबंधित डॉक्टर मनमानी कर रही हैं।
कोट
मामला संज्ञान में नहीं है। अगर ऐसा है तो शुक्रवार को मरीज की जांच करवाई जाएगी। अगर रिपोर्ट ठीक हुई तो यहीं निकलवा दी जाएगी।
-डॉ. सुभाष, कार्यकारी वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी नागरिक अस्पताल