फतेहाबाद। जिले में घग्गर नदी और रंगोई नाले के ओवरफ्लो होने के कारण फतेहाबाद के गांवों में बाढ़ का पानी पहुंच गया है। पानी फतेहाबाद से गुजरने वाले नेशनल हाईवे की फोरलेन सड़क पर आ गया। फतेहाबाद शहर में बाढ़ के पानी के बीच आधे फुट का डिवाइडर दीवार बनी है। गांव खान मोहम्मद में पानी का फ्लो अधिक होने व शहर को बचाने के लिए प्रशासन ने मुंशीवाली माइनर को तोड़ दिया है। यहां 20 फुट का कटाव किया गया, जिससे पानी सिरसा की ओर बहने लगा है। वहीं, रतिया रोड के बाद अब हांसपुर रोड व भूना रोड को भी बंद कर दिया गया है। भूना जाने के लिए रूट डायवर्ट कर इसे वाया धांगड़ कर दिया है।
गांव धांगड़ से दरियापुर तक 20 किलोमीटर का हाईवे का रास्ता पुलिस ने बंद कर दिया है। हांसपुर चौक के आगे बाढ़ग्रस्त इलाकों में सेल्फी लेने आने वाले लोगों को पुलिस ने खदेड़ दिया। हांसपुर रोड से रतिया रोड, माजरा रोड होते हुए भूना रोड तक पूरी सर्विस लेन डूब चुकी हैं। हांसपुर चौक पर हाईवे पर पानी आ गया है। रतिया रोड ओवर ब्रिज के नीचे व माजरा रोड फ्लाईओवर के नीचे सर्विस लेन पर चार से पांच फुट तक पानी जमा हो गया। अब बाढ़ पानी हाईवे की एक ओर की सड़क पर आ गया है और शहर की आबादी के रास्ते में सिर्फ आधा फुट का डिवाइडर है और दूसरी तरफ ढलान शुरू हो जाएगी। इसी फ्लाईओवर की क्रॉसिंग को दोनों तरफ मिट्टी डालकर बंद किया हुआ है, शहर की तरफ ईंटों से चिनाई तक की गई थी। फिर भी पुल के नीचे स्कूल के सामने से क्रॉसिंग में पानी जा घुसा, जिसे दूसरी तरफ शहर साइड में पंप लगाकर खेतों में निकाल दिया गया।
बाढ़ की चपेट में आईं 12 हजार ढाणियां
जिले में घग्गर नदी और रंगोई नाले के ओवर फ्लो होने व तटबंध टूटने से आई बाढ़ कारण करीब 115 गांव जलमग्न हैं। जिले में 12 हजार ढाणियां बाढ़ की चपेट में आ चुकी हैं। जाखल क्षेत्र की 200 ढाणियां बुरी तरह से प्रभावित हुई हैं। वहीं, घग्गर नदी के पानी से आई बाढ़ का दायरा लगातार बढ़ रहा है। वीरवार सुबह बाढ़ का पानी रतिया रोड होते हुए हांसपुर की तरफ जाने वाली सड़क पर आ गया। भूना रोड पर भी बाईपास के रास्ते को बंद कर दिया गया है और इसका रूट डायवर्ट करके वाया धांगड़ कर दिया गया है।
गांव बरसीन में जलघर तो खान मोहम्मद में ऑलिव स्कूल की दीवार टूटी
गांव बरसीन में बाढ़ के कारण जलघर की दीवार टूट गई। यहां पर गांव तक पानी पहुंच गया है। खान मोहम्मद स्थित ऑलिव स्कूल में बाढ़ का पानी चहारदीवारी तोड़कर अंदर जा घुसा। माजरा रोड बाईपास पर द आर्यन स्कूल में बाढ़ का पानी कई फिट तक घुस गया है। द आर्यन स्कूल के सामने फ्लाईओवर का एक हिस्सा एक तरफ से बैठ गया है, जिससे रात को गुजरने वाले वाहन चालकों को खतरा बन गया है। यहां पर रात को पानी के बहाव के कारण अंडरब्रिज की एक ओर बना बांध रात को टूट गया, जिसके बाद प्रशासन ने दूसरी तरफ बनी पक्की सड़क को मिट्टी भरकर मजबूत किया। वहीं, बुधवार रात को ही रतिया रोड फ्लाई ओवर के नीचे खेतों में पानी निकासी के लिए बनाए साइफन से शहर की तरफ पानी लीकेज हो गया। वीरवार सुबह फट्टे लगाकर व मिट्टी डालकर इसे रोका गया क्योंकि पानी आजाद नगर की तरफ जाना शुरू हो चुका था।
पंजाब जाने के लिए और बढ़ेगी परेशानी
बता दें कि पंजाब को जाने वाला रतिया रोड पहले ही तीन दिन से कटा हुआ है। अब पंजाब के सरदूलगढ़, बठिंडा की तरफ जाने वाले रोड पर भी पानी आ गया है। यदि यह पानी बढ़ता रहा तो यह संपर्क मार्ग भी कट सकता है। लोग इस रोड से नागपुर होकर भी रतिया जा रहे थे, ऐसे में रतिया या पंजाब जाने वाले लोगों के लिए यह पानी परेशानी बढ़ा सकता है। वहीं, माजरा रोड की ओर से पानी के बहाव को देखते हुए भूना रोड फ्लाईओवर के नीचे अंडरपास को बंद कर दिया गया है। शहर में इस तरफ से बाढ़ का पानी न आए, इसलिए इस रास्ते को बंद कर दिया गया है। अब भूना की ओर से आने वाले वाहन धांगड बाईपास के पास से शहर में प्रवेश कर रहे हैं।
कोट
आबादी क्षेत्र को बाढ़ से बचाने के लिए पानी विभिन्न स्थानों से डायवर्ट किया गया है। जल्द ही पानी निकासी होने के बाद जिला प्रशासन यह सुनिश्चित करेगा कि किसानों को दूसरी फसल लगाने में किसी प्रकार की दिक्कत न हो। बाढ़ के कारण हुए नुकसान का भी नागरिकों को उचित मुआवजा दिलवाया जाएगा।
-मनदीप कौर, डीसी, फतेहाबाद