फतेहाबाद। नगर परिषद की हाउस व बजट बैठक में पार्षदों ने हाल ही में जमकर नाराजगी जाहिर की थी। उन्होंने स्ट्रीट लाइट व बेंच न मिलने पर परिषद प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए थे। अब नगर परिषद प्रशासन बैकफुट पर नजर आ रहा है और पार्षदों की नाराजगी दूर करने के लिए उनके घरों पर ही 25-25 स्ट्रीट लाइट भिजवा दी गई हैं।
जबकि अभी तक लाइट लगाने के लिए तार आई हैं न ही एंगल। ये लाइट भी करीब 6 माह पहले आई थी और नगर परिषद कार्यालय में ही पड़ी थी। अब इन्हें पार्षदों के पास भिजवा दिया गया है। जबकि नगर परिषद प्रशासन ने पहले दावा किया था कि पार्षदों को न देकर बताई गई लोकेशन पर सीधी लाइट लगाई जाएगी।
नगर परिषद के पास दूसरे चरण में 45 वाट की एक हजार लाइट आईं हैं। इसके अलावा 150 वाट की भी 400 लाइट मिल चुकी हैं। अब इन लाइटों से शहर की गलियों और सड़कें रोशन होंगी।
पार्षदों को मिले 10-10 बैंच
नगर परिषद प्रशासन ने टेंडर लगाकर 400 बैंच मंगवाए हैं और इनकी सप्लाई शुरू हो गई है। नगर परिषद ने पार्षदों को 10-10 बैंच अलॉट किए हैं। नगर परिषद के 27 वार्ड हैं, ऐसे में 270 बैंच वार्डों में भेजे जाएंगे। इसके अलावा 130 बैंचों को पार्कों में लगाया जाना है। नगर परिषद ने करीब चार माह पहले बैंच मंगवाए थे। ये बैंच चहेते पार्षदों को देने को लेकर भी नगर परिषद में हंगामा हुआ था। पार्षदों का कहना था कि नगर परिषद प्रशासन ने नजदीकी पार्षदों को बैंच दिए है लेकिन अन्य को नहीं दिए हैं। ऐसे में बैंच को लेकर नाराजगी दूर करने के लिए अब 10-10 बैंच भी पार्षदों को अलॉट किए गए हैं।
-
11 करोड़ से शुरू होने हैं 50 काम
नगर परिषद प्रशासन शहर में 11 करोड़ से 57 काम शुरू करने जा रहा है। इन 57 कामों में से करीब 50 की टेंडर प्रक्रिया पूरी हो गई है। नगर परिषद प्रशासन 10 पार्षदों के 16 उन गलियों का निर्माण नहीं करेगा, जिसके नया बनाने का प्रस्ताव दिया गया था। थर्ड पार्टी सर्वे में ये काम नॉट फिजिबल मिले। इन गलियों में सिर्फ मरम्मत की जरूरत है। इसके लिए नगर परिषद प्रशासन ने एस्टीमेट प्रक्रिया शुरू कर दी है। थर्ड पार्टी सर्वे को लेकर भी पार्षद एतराज कर चुके हैं।
-
पार्षदों को 25-25 लाइट उपलब्ध करवा दी गई हैं। इन्हें बताई गई जगहों पर जल्द ही लगवा दी जाएगा। सोमवार सुबह ही ठेकेदार से बात हुई है और सामान मंगवाकर लगाने के लिए कहा गया है। बैंच भी आ रहे हैं, प्रत्येक वार्ड में 10-10 दिए जा रहे हैं।
- राजेंद्र सिंह खिंची, प्रधान, नगर परिषद, फतेहाबाद।