फतेहाबाद। प्रसिद्ध टिकटॉक स्टार एवं बीजेपी नेत्री सोनाली फौगाट को जान से मारने की धमकी मिली है। इतना ही नहीं, उनके साथ मारपीट भी की गई है। ये आरोप सोनाली फौगाट ने अपनी सगी बहन व जीजा पर लगाए हैं। सोनाली ने इस मामले में फतेहाबाद सदर थाने में औपचारिक शिकायत दर्ज करवाई थी जिसके बाद सदर पुलिस ने बहन रूकेश व जीजा अमन पूनियां के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर ली है। अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं की गई है। उधर, इस मामले में न तो खुद बीजेपी नेत्री सोनाली फौगाट और ना ही उनके बहन-बहनोई कुछ बोल रहे हैं।
फतेहाबाद सदर पुलिस को दी शिकायत में सोनाली फौगाट ने आरोप लगाते हुए बताया कि वह 28 अक्तूबर को अपने पिता से मिलने फतेहाबाद के गांव भूथनकलां पहुंची थी और इस दिन उसकी बहन रूकेश व बहनोई अमन पूनियां भी गांव में आए हुए थे। सोनाली का कहना है कि उसकी बहन और बहनोई ने उसके साथ झगड़ा और गाली-गलौच किया और उसे जान से मारने की धमकी भी दी। इसलिए उनके खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए। सोनाली ने पुलिस को दी शिकायत में अपनी बहन और बहनोई के फोन नंबर भी उपलब्ध करवाए हैं, लेकिन उसमें दिया गया अमन और रूकेश का नंबर स्विच ऑफ बता रहा है। हालांकि शिकायत में झगड़े की मुख्य वजह के बारे में कोई बात नहीं लिखी गई है।
बीजेपी नेत्री सोनाली फौगाट अपने टिकटॉक वीडियोज के चलते हमेशा ही चर्चा में रहती हैं और इनकी प्रसिद्धि को देखते हुए बीजेपी ने इस बार उन्हें आदमपुर से दिग्गज कांग्रेसी नेता कुलदीप बिश्रोई के खिलाफ चुनाव मैदान में उतारा था। महज 15 दिनों के प्रचार में उन्हें 35 हजार से अधिक मत मिले थे, लेकिन वो अपनी जीत सुनिश्चित नहीं कर सकी थी।
वर्जन
बीजेपी नेत्री सोनाली फोगाट की ओर से एक शिकायत आई थी जिसमें उन्होंने अपने बहन-जीजा पर मारपीट व जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए थे। उनकी शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- प्रहलाद सिंह, सदर एसएचओ, फतेहाबाद।