रतिया युवकों की खोजबीन के लिए पहुंचे पुलिस कर्मचारी ,स्त्रोत ग्रामीण
रतिया। गांव रोझावाली के पास भाखड़ा नहर में शुक्रवार को तीन अलग-अलग घटनाओं में तीन युवकों के बह जाने की आशंका है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लापता युवकों की खोजबीन शुरू कर दी गई।
पहली घटना में गांव ब्राह्मणवाला निवासी अमनदीप सिंह (19) रतिया में जिम से स्कूटी पर अपने गांव लौट रहा था संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। नहर किनारे उसकी स्कूटी, मोबाइल फोन और चप्पल बरामद हुए हैं। इससे आशंका है कि वह नहर में बह गया है।
दूसरी घटना गांव खेड़ा निवासी गगनदीप सिंह (18) से जुड़ी है। वह रतिया के निजी कोचिंग सेंटर में कंप्यूटर कोर्स के लिए आता था और अपने दोस्तों के साथ रोझावाली क्षेत्र में नहर किनारे गया था। घटना की जानकारी मिलते ही थाना सदर प्रभारी शीशपाल सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और सर्च ऑपरेशन शुरू करवाया।
बताया जा रहा है कि नहाते समय उसका संतुलन बिगड़ गया और वह तेज बहाव में बह गया। वहीं तीसरे मामले में गांव निकुवाना निवासी मनजीत सिंह शाम के समय (36) भूंदड़वास के पास भाखड़ा नहर में नहाते समय बह गया। सूचना मिलने पर महमड़ा चौकी इंचार्ज ज्योति प्रसाद टीम के साथ मौके पर पहुंचे और युवक की तलाश शुरू करवाई।
स्थानीय ग्रामीण भी अपने स्तर पर युवकों की तलाश में जुट गए, लेकिन देर शाम तक कोई सुराग नहीं मिल सका। लापता युवकों की तलाश के लिए हिसार से एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया है। टीम के देर रात तक पहुंचने की संभावना है जिसके बाद तलाशी अभियान को और गति दी जाएगी।