फतेहाबाद। जिले में स्वाइन फ्लू संक्रमित केस मिलने का सिलसिला जारी है। सोमवार को शेखुपुर दड़ोली निवासी तीन वर्षीय बच्ची स्वाइन फ्लू संक्रमित मिली है। उसका हिसार के निजी अस्पताल में दाखिल है। यहीं पर लड़की का सैंपल लिया गया था और जांच के दौरान संक्रमित मिली है। टीम अब परिवार के अन्य लोगों की स्क्रीनिंग करेगी। अगर किसी में लक्षण मिलते हैं तो सैंपल लिए जाएंगे। जिले में अब तक स्वाइन फ्लू के 13 केस मिल चुके हैं। वहीं अग्रोहा मेडिकल कॉलेज ने स्वाइन फ्लू के सैंपल की जांच किट न होने का हवाला देकर मना किया गया है। विभाग ने अब रोहतक पीजीआई में सैंपल भेजने शुरू किए हैं। आशंकित मरीजों के सैंपल जांच के लिए भेजे जाते हैं।
जिले में स्वाइन फ्लू के ये केस आ चुके सामने
वर्ष केस
2015-16 8
2016-17 0
2017-18 27
2018-19 59
2019-20 2
2020-21 2
2021-22 0
2022-23 3
2023-24 13
स्वाइन फ्लू के ये हैं लक्षण
छींक आना और नाक से पानी बहना, सांस लेने में तकलीफ होना, खांसी और गले में खराश होना, दस्त और उल्टी होना, सिर दर्द, बुखार।
बचाव के लिए ये करें उपाय
खांसते या छींकते समय अपने मुंह व नाक को रूमाल से ढकें, अपनी नाक, आंख या मुंह को छूने से पहले और बाद में हाथों को अच्छी तरह से साबुन से धोएं, खांसी, बहती नाक, छींक व बुखार जैसे फ्लू के लक्षणों से प्रभावित लोगों से दूरी बनाएं, भरपूर नींद लें और खूब पानी पीएं, घर के दरवाजों के हैंडल, कीबोर्ड, मेज को साफ रखें।
कोट
स्वाइन फ्लू संक्रमित लड़की मिली है। लड़की हालत ठीक बताई जा रही है। टीम घर व आसपास के क्षेत्र का सर्वे करेगी। अगर किसी में लक्षण दिखते हैं तो सैंपल लेकर लैब में भेजे जाएंगे।
- डॉ. विष्णु मित्तल, जिला महामारी रोकथाम विशेषज्ञ