फतेहाबाद के गांव धांगड़ में अफीम के साथ पकड़े गए आरोपियों को कोर्ट में पेश करने ले जाती पुलिस।
- फोटो : Fatehabad
स्पेशल स्टाफ पुलिस ने गांव धांगड़ के पास नाकेबंदी के दौरान एक स्विफ्ट कार से राजस्थान निवासी तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 2 किलो 140 ग्राम अफीम बरामद हुई। पकड़े गए आरोपी तस्कर जोधपुर निवासी दिनेश, जगदीश तथा जैसलमेर निवासी श्रवण राम के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को रविवार को कोर्ट में पेश किया। यहां से आरोपी दिनेश को तीन दिन के रिमांड पर लिया गया है जबकि दो को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
मामले के मुताबिक स्पेशल स्टाफ पुलिस के एएसआई हरपाल सिंह ने बताया कि टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि राजस्थान से कुछ लोग कार में सवार होकर नशा तस्करी के लिए आ रहे हैं। जिसके बाद पुलिस ने एक टीम का गठन किया और शनिवार देर शाम को हिसार-सिरसा नेशनल हाईवे गांव धांगड़ के पास नाकाबंदी कर दी। पुलिस ने आने-जाने वाले वाहनों की जांच शुरू कर दी। इसी दौरान हिसार की ओर से एक स्विफ्ट कार आती हुई दिखाई दी। पुलिस ने कार रूकवा कर जब जांच की तो सीट के नीचे से एक पॉलीथिन बरामद हुआ। पुलिस ने जब उसकी जांच की तो उसके कब्जे से 2 किलो 140 ग्राम अफीम बरामद की। पुलिस पूछताछ में आरोपितों ने अपनी पहचान कार चालक राजस्थान के जिला जोधपुर के गांव खरीगियो की ढाणी हनुमान नगर भेड भाखरी निवासी दिनेश व जगदीश और जिला जैसलमेर के गांव सत्ताशहर निवासी श्रवण कुमार के रूप में हुई। जांच अधिकारी कुलदीप सिंह ने बताया कि पूछताछ के लिए एक आरोपी को तीन दिन के रिमांड पर लिया गया है। फिलहाल पूछताछ में सामने आया है कि तीनों फतेहाबाद में अफीम की सप्लाई देने के लिए आ रहे थे। फिलहाल मामले की जांच चल रही है।