फतेहाबाद के नेशनल हाइवे पर तेज बारिश में गुजरते वाहन।
- फोटो : Fatehabad
फतेहाबाद। सावन के बाद अब भादो माह भी लोगों को बारिश से सराबोर कर रहा है। मंगलवार शाम को फतेहाबाद व भट्टूकला में बारिश हुई। फतेहाबाद में तीन एमएम व भट्टूकलां में सात एमएम बारिश आंकी गई है। बारिश के चलते भट्टूकलां क्षेत्र में कई स्थानों पर जलभराव हुआ तो फतेहाबाद में मौसम खुशगवार हो गया। लोगों को इससे उमस भरी गर्मी से राहत मिली।
फतेहाबाद में सुबह से ही ठंडी हवाएं चल रही थी, जिससे लोगों को चिपचिपाहट भरी गर्मी महसूस नहीं हुई। शाम को करीब साढ़े चार बजे फतेहाबाद में मौसम का मिजाज बदला और बारिश आरंभ हो गई। हालांकि बारिश करीब 20 मिनट ही चली, लेकिन इससे मौसम खुशगवार हो गया। बारिश के कारण जीटी रोड पर दोपहिया वाहन चालक बारिश में भीगते हुए अपने गंतव्य को जाते दिखाई दिए। बारिश से लोगों को गर्मी से भी राहत मिली है और जिन घरों व प्रतिष्ठानों पर एसी चल रहे थे, वह भी बंद हो गए। भट्टूकलां में भी मंगलवार को जोरदार बारिश हुई, जिससे भट्टूकलां क्षेत्र में कई स्थानों पर जलभराव हो गया। वहीं गांवों में पहले से जलभराव की स्थिति से जूझ रहे ग्रामीणों को भारी परेेेशानियों का सामना करना पड़ा। सेम एरिया क्षेत्र के गांवों में पहले से ही फसलें पानी में डूबी हुई हैं और इस बारिश से एक बार फिर जलभराव अधिक हो गया है।