फतेहाबाद। गांव धांगड़ के पास एंटी नारकोटिक्स टीम ने कार सवार दो महिलाओं समेत तीन लोगों को 105 ग्राम हेरोइन के साथ पकड़ा है। तीनों आरोपी दिल्ली से हेरोइन खरीदकर लाए थे और पंजाब की तरफ बेचने जा रहे थे। पकड़े गए आरोपी तस्कर गांव पीरावांली निवासी जोगिंद्र उर्फ गिंद्र न्यौली खुर्द निवासी रेणु सेठी और सातरोड निवासी उत्कर्ष उर्फ मोनू के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
मामले के मुताबिक एंटी नारकोटिक्स टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि पीरांवाली निवासी जोगिंद्र सिंह उर्फ गिंद्र, न्यौली निवासी रेणु सेठी व सातरोड निवासी उत्कर्ष उर्फ मोनू हेरोइन बेचने का काम करते हैं और हेरोइन लेकर बेचने के लिए फतेहाबाद की तरफ आ रहे हैं। सूचना मिलने पर टीम ने गांव धांगड़ के पास नाकेबंदी कर दी। इस दौरान हिसार की तरफ से आ रही गाड़ी को रोकने का इशारा किया तो उसने मोड़ने का प्रयास किया। टीम ने गाड़ी को काबू कर लिया, गाड़ी में उक्त महिला समेत तीन लोग मौजूद थे। टीम ने नियम अनुसार गाड़ी की तलाशी ली तो डैशबोर्ड से 105 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि ये हेरोइन तीनों की साझी है और बेचने के लिए जा रहे थे।
आरोपी तस्कर जोगिंद्र के भाई के नाम है गाड़ी
पुलिस टीम के मुताबिक आरोपी गाड़ी में तस्करी कर रहे थे। तस्करी में इस्तेमाल की गई गाड़ी जोगिंद्र के भाई के नाम है। पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी महिला रेणु और उत्कर्ष एक साथ रहती है और हेरोइन तस्करी का काम करते है। हेरोइन बेचने के लिए दिल्ली से लेकर आए थे।