फतेहाबाद में अफीम के साथ पकड़े गए बिहार निवासी सप्लायर
फतेहाबाद। गांव भोड़ा होशनाक के बस स्टैंड के पास एंटी नारकोटिक्स सेल ने बिहार के तीन युवकों को तीन किलोग्राम अफीम के साथ पकड़ा है। तीनों अफीम सप्लायर हैं और यहां पर अफीम की सप्लाई देने के लिए आए थे। मामले में पुलिस ने आरोपी सप्लायर बिहार के जिला के इटवां निवासी राजेश यादव, विकास कुमार और चंद्रशेखर के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।मामले के मुताबिक एंटी नारकोटिक्स टीम को गुप्त सूचना मिली कि बिहार के तीन युवक जो कि अफीम सप्लायर हैं और गांव भोड़ा होशनाक के पास देखे गए हैं। टीम सूचना के आधार पर जब गांव भोड़ा होशनाक के बस स्टैंड पर पहुंची तो यहां पर तीनों युवक मिले और उन्हें पिट्ठू बैग लटका रखा था। टीम ने जब नियम अनुसार आरोपी बिहार के जिला गया के इटवां निवासी राजेश के पास मौजूद बैग की तलाशी ली तो उसमें से 1 किलो 100 ग्राम अफीम बरामद हुई। इसके बाद चंद्रशेखर के पास मौजूद बैग की तलाशी ली गई तो उसमें से 1 किलोग्राम अफीम बरामद हुई। टीम ने इसके बाद टीम ने विकास कुमार के पास मौजूद बैग की तलाशी ली तो उसमें से 900 ग्राम अफीम बरामद हुई।
आरोपी बोले- मिलकर करते हैं अफीम की सप्लाई
पुलिस पूछताछ में तीनों आरोपियों ने बताया कि बरामद अफीम साझी है और मिलकर बेचने का काम करते हैं। फिलहाल पुलिस पूछताछ में लगी है कि यहां किसको अफीम की सप्लाई दी जानी थी। पुलिस ने मंगलवार को तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया। यहां से एक आरोपी तस्कर को पुलिस रिमांड पर लिया गया है।